पिता ने लगाई डांट, बांग्लादेश से भागकर आ गया भारत
राजधानी दून में पकड़े गए बांग्लादेशी युवक के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी एक साल पहले पिता के डांटने पर सीमा पार कर भारत में दाखिल हो गया था। लंबी पूछताछ के बाद खुफिया तंत्र ने परिजनों से बात कर उसके बयानों की पुष्टि कर ली है। कई दिन से आरोपी मूक बधिर होने का नाटक कर पुलिस को गुमराह कर रहा था।
प्रेमनगर के धौलास गांव में 17 नवंबर को लावारिस अवस्था में घूमते हुए मिले युवक की पूरी कहानी साफ हो गई है। पहले बांग्लादेश के बीबी हाट निवासी जुबेर (21) ने खुद को मूक बधिर बताकर पुलिस और खुफिया तंत्र को गुमराह किया था। हरिद्वार के अनाथालय में अकेले में बंगाली भाषा में बात करने पर उसका राज खुल गया था।
12 दिन पहले ट्रक में सवार होकर पहुंचा देहरादून
पुलिस और खुफिया तंत्र ने सोमवार रात जुबेर को दून लाकर पूछताछ की थी, तब जाकर पता चला कि उसने पहचान छिपाने के लिए अपना नाम इमरान बताया था।
प्रेमनगर पुलिस ने जुबेर के खिलाफ पासपोर्ट और विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह ने बताया कि आरोपी जुबेर करीब एक साल पहले पिता के डांटने पर बैनाफूल बार्डर से सीमा पार कर भारत आ गया था।
कुछ समय कोलकाता में रहने के बाद वह इधर-उधर घूमता रहा। 12 दिन पहले वह ट्रक में सवार होकर देहरादून आ गया था। बांग्लादेश में रहने वाले जुबेर के पिता अय्यूब से भी बात कर उसके बयानों की पुष्टि की गई है।