पतंजलिः खूनी संघर्ष के बाद फिर तनाव, पुलिस तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाबा रामदेव के पतंजलि फूड पार्क पदार्था में खूनी झड़प होने के बाद गुरुवार की सुबह फिर माहौल गरमा गया। बुधवार को बाबा रामदेव के पतंजलि फ़ूड पार्क में ट्रक यूनियन सदस्यों और पार्क कर्मचारियों के बीच हुए गोलीबारी में एक ट्रक मालिक की मौत हो गयी थी।
गुरुवार को सुबह 10 बजे ड्यूटी टाइम पर पतंलजि फूड पार्क के बाद फिर तनाव की स्थित पैदा हो गई। ग्रामीणों ने अंदर जा रहे कर्मचारियों की बस को पार्क के बाहर रोक लिया। यह देख सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने फूड पार्क के कर्मचारियों की कई बस पार्क के पहले ही रोक ली हैं। सभी कर्मचारी दोहपर साढ़े 11 बजे तक बाहर ही थे। रामदेव के भाई रामभरत को 27 मई को पतंजलि फ़ूड पार्क में हुए बवाल के बाद हत्या के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बुधवार को पतंजलि हर्बल फूड पार्क के सुरक्षाकर्मियों और पथरी ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जबकि सात लोग घायल हो गए। कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
दुकानों को भी निशाना बनाया गया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर सुरक्षाकर्मी फरार हो गए। बवाल के बाद पुलिस ने फूड पार्क से बाबा रामदेव के भाई रामभरत को हिरासत में लिया। देरशाम रामभरत समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। विवाद पर प्रबंधन ने पार्क का काम बंद कर कर्मियों को छुट्टी दे दी है। उधर, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने दावा किया कि सुरक्षाकर्मियों ने तब कार्रवाई की जब दूसरी ओर से पथराव किया गया और भीतर घुसकर तोड़फोड़ की गई।
संघर्ष के दौरान कई राउंड चली गोलियां, मिले हथियार
हर्बल फूड पार्क का माल ढोने के लिए पथरी ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन से ट्रक न लेने को लेकर पार्क और एसोसिएशन के बीच कई माह से विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर बुधवार सुबह एसोसिएशन पदाधिकारी पार्क के मुख्य गेट पर पहुंचे और ट्रक खड़े कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसी बात को लेकर सुरक्षाकर्मियों व प्रदर्शनकारियों में पहले नोकझोंक हुई उसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच पथराव हो गया। कई राउंड गोलियां भी चलाई गईं। झड़प में एसोसिएशन पदाधिकारी दलजीत सिंह निवासी गांव ऐथल के सिर में गहरी चोट लगने से मौत हो गई। जबकि पास से गुजर रहा ग्रामीण अब्दुल हामिद घायल हो गया।
इससे गुस्साए अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने ट्रक, चौपहिया वाहन एवं कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की। पार्क के सामने बनी दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया। गुस्साए ग्रामीण पार्क के अंदर घुसे तो सुरक्षाकर्मी पीछे के रास्ते से फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को भी ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में रामभरत
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान से घटनाक्रम की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। चौहान का कहना है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्वक चल रहा था।
बाबा रामदेव के भाई रामभरत के इशारे पर एसोसिएशन पदाधिकारियों पर पथराव कर गोलियां बरसाई गईं हैं। आरोप है कि मौके पर पहुंचे बाबा रामदेव ने भी अपने भाई एवं सुरक्षाकर्मियों को रोकना उचित नहीं समझा। उधर, आईजी ने गोली लगने की बात को खारिज करते हुए बताया कि दलजीत सिंह की मौत का कारण डंडों से पिटाई है।
रामभरत समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद देर रात कनखल में तनाव बढ़ने पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। तनाव को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। उधर, योग गुरु बाबा रामदेव के भाई रामभरत को 27 मई को पतंजलि फ़ूड पार्क में हुए बवाल के बाद हत्या के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बुधवार को पुलिस ने इस मामले में बाबा रामदेव के भाई रामभरत और पार्क के दो अधिकारियो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
देर शाम तीनों के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 और 307 सहित अन्य धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर उनकी हिरासत को गिरफ़्तारी में बदल दिया था। पुलिस ने देर रात को ही रामभरत सहित तीनो आरोपियों को जुडिशल मजिस्ट्रेट संजीव भंडारी के घर पर ही उनके सामने पेश किया।
जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने रामभरत को जमानत देने से इंकार करते हुए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
ऐथल में गुरुवार को सुबह नौ बजे पतंजलि में हुई झड़प में मृत हुए दलजीत सिंह का शव पहुंचा। शव को देखकर जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा, वहीं ग्रामीणों में रोष दिखाई दिया। सुबह पुलिस की मौजूदगी में दलजीत का अंतिम संस्कार किया गया।