वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से पहले पकड़ा गया लाखों का सट्टा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुद्रपुर में कोतवाली पुलिस ने बंद श्याम टाकिज में करीब छह महीने से चल रहे लाखों के ऑनलाइन सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ किया है।
यहां से पुलिस ने विदेशी करेंसी रियाल के साथ दस सटोरियों को पकड़ा है। अब पुलिस उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया के मैच के लिए भी लाखों का सट्टा लगाया गया था।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीलेश आनंद भरणे के निर्देश पर कोतवाल जेसी पाठक ने बंद चल रहे श्याम टाकीज परिसर में छापा मारा। इस दौरान वहां मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने दस सटोरियों को पकड़ लिया।
उनके पास आठ हजार 120 रुपए मिले हैं। इसके साथ ही पुलिस ने वहां से दो सीपीयू, एक मॉनीटर, छह मोबाइल, छोटा प्रिंटर, पेपर रोल, पेन ड्राइव, डायरी आदि बरामद किए। कोतवाल पाठक ने बताया कि आनलाइन सट्टा कारोबार दिल्ली से संचालित हो रहा था।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के मैच को लेकर व्यस्त थे सटोरिए
इसलिए नगदी पुलिस को बहुत कम मिल सकी। मौके से सऊदी अरब की विदेशी करेंसी रियाल भी मिली है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया के मैच को लेकर सटारिए लाखों का सट्टा लगवाने में व्यस्त थे।
छापामार टीम में एसएसआई आरसी मखौलिया, एसआई योगेश कुमार, लक्ष्मण सिंह देऊपा, सुभाष, संजीव आदि शामिल थे।
ट्रांजिट कैंप पुलिस से उठा एसएसपी का भरोसा
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में स्थित श्याम टाकीज में करीब छह महीने से ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक सटोरियों को ट्रांजिट कैंप थाने का संरक्षण प्राप्त था।
इस वजह से सबकुछ जानते हुए भी ट्रांजिट कैंप थाने के पुलिस कर्मी अंजान बने हुए थे। लिहाजा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने कोतवाली पुलिस को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में छापेमारी का निर्देश दिया।
12 के मिलते थे 80 रुपए
दिल्ली से संचालित ऑनलाइन कारोबार में सट्टा खिलाने वाले लोग कंप्यूटर के जरिए हर 15 मिनट पर अंकों के जरिए लाटरी निकालते थे। जिसका नंबर आता था उसे 12 रुपए के 80 रुपए दे दिए जाते थे।
दिनेशपुर, बाजपुर, काशीपुर में भी चल रहा सट्टा
ऑनलाइन सट्टे का कारोबार केवल यहीं नहीं, बल्कि जिले के और भी कस्बों में चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक दिनेशपुर, बाजपुर, काशीपुर, लालकुआं और हल्द्वानी में ऑनलाइन सट्टा तेजी के साथ चल रहा है।
पकड़े गए सटोरिए
1. हरचरन सिंह निवासी बंडिया, किच्छा
2. अंकित सक्सेना निवासी खुरपिया फार्म, किच्छा
3. चरण सिंह निवासी प्रीत विहार-तराई विहार, रुद्रपुर
4. शिवकुमार गुप्ता निवासी वार्ड नंबर दो, ट्रांजिट कैंप
5. शिव कुमार निवासी ज्वालानगर, सिविल लाइन रामपुर
6. छत्रपाल निवासी रैपरा मिलक, रामपुर
7. हरस्वरूप शर्मा निवासी शांति कालोनी शारदा क्लब के पीछे, रुद्रपुर
8. लोकेश कुमार निवासी पनबरिया, बिलासपुर, रामपुर
9. भोला प्रसाद निवासी श्याम टाकीज रोड ट्रांजिट कैंप, वार्ड नंबर 18, रुद्रपुर
10. मोहम्मद यूसुफ वार्ड नंबर सात, किच्छा