दून में शोहदों ने छात्रा को स्कूटी से धकेला, हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनचले शोहदों ने इंसानियत और कानून व्यवस्था को तार-तार कर दिया। बाइक सवार तीन लफंगे सरेआम छात्रा को छेड़ते रहे। उसके न रुकने पर बाइक से धकेल बीचो-बीच सड़क पर गिरा दिया। उसी दौरान एक वाहन छात्रा के पैर के ऊपर से निकल गया।
खून अधिक बहने से छात्रा की हालत गंभीर है। देर रात तक सिनर्जी अस्पताल में ऑपरेशन होता रहा। पुलिस ने इस प्रकरण में सात लोगों से पूछताछ की है।
बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे एमईएस कॉलोनी पंडितवाड़ी की रहने वाली बीएड की छात्रा शिवानी तोमर पुत्री चंद्रपाल सिंह तोमर सेलाकुई स्थित आईसीएसआई कॉलेज से घर आ रही थी।
कॉलेज के बाहर से तीन बाइक सवार युवक उसके पीछे लग गए। वे रास्ते भर छात्रा से छेड़छाड़ करते रहे। तंग आकर छात्रा ने अपने घर फोन मिलाया। उसके भाई ने छात्रा से चुपचाप आगे बढ़ते रहने के लिए कहा।
स्कूटी न रोकने पर दे दिया धक्का
जब छात्रा प्रेमनगर ढाल के पास पहुंची तो शोहदों ने उसे रोकना चाहा। उसके न रुकने पर स्कूटी को धक्का मार दिया। उसी वक्त सामने आ रहा एक वाहन उसका पैर कुचलता निकल गया।
शोहदे यह देखकर बाइक छोड़कर भाग खड़े हुए। बाद में घरवाले और बजरंग दल के कार्यकर्ता छात्रा को लेकर सिनर्जी अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी मनोज कत्याल मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल के महानगर अध्यक्ष अमित तोमर ने बताया कि शुरू में पुलिसकर्मी टाल-मटोल करते रहे।
हंगामे के बाद पुलिस सक्रिय हुई और बाइक को कब्जे में लिया। सीओ सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि इस संबंध में सात लोगों से पूछताछ की गई है। पुलिस पूछताछ में बाइक अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले एक युवक के नाम बताई गई है जो डॉल्फिन इंस्टीट्यूट का बताया गया है। हालांकि यह बाइक आठ बार बिक चुकी है। बाइक के अधिकतर खरीदार दिल्ली या दूसरे स्थानों के रहने वाले हैं।