बैंक में ठगों ने दिया ऐसा लालच, हाथों में सौंप दिए पूरे 85 हजार
वानप्रस्थ आश्रम से सटे पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के समीप दो ठगों ने लालच देकर एक युवक से 85 हजार की रकम उड़ा दी। इस दौरान दोनों ठग उसे नकली नोट की गड्डी थमा कर कार में सवार होकर भाग खड़े हुए, लेकिन पुलिस की घेराबंदी होते ही दोनों बौंगला गांव में कार छोड़कर फरार हो गए।
लक्सर क्षेत्र के गांव अलावलपुर का रहने वाला स्वराज सिंह पुत्र भोपाल सिंह यहां हरिद्वार तहसील में एक अधिवक्ता के चैंबर पर कार्यरत है। गांव के ही किसी व्यक्ति ने उसे खाते में जमा करने के लिए 85 हजार की रकम दी थी। सुबह वह रकम जमा करने पंजाब नेशनल बैंक गया। फार्म भरते वक्त एक युवक उसके पास आया और पेन मांगने के बाद उसे बहाने से अपने साथ बाहर ले गया।
स्वराज सिंह को उसने बाहर खड़े अपने साथी से मिलाया। दोनों ने कहा कि उनके पास चोरी की रकम है। यह रकम वे उसे दे देंगे अगर वह अपने पास की रकम उन्हें दे दे।
जिसे समझा ढेर सारा पैसा वो निकली कागजों की गड्डी
बातचीत के दौरान एक युवक ने स्वराज की जेब में हाथ डालकर 85 हजार रुपये निकाल लिए और जल्दी से उसे रुमाल में बंधी कथित चोरी की रकम थमाकर काले रंग की कार में सवार होकर भाग निकले। दोनों के जाते ही स्वराज ने रुमाल खोला तो उसमें कागज की गड्डी निकली।
ठगी का पता चलते ही स्वराज ने तुरंत तहसील पहुंचकर अपने साथी की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट कर दिया। नंबर के आधार पर ठगों की तलाश शुरू कर दी। घेराबंदी शरू कर दी। कुछ देर में कस्बा बहादराबाद के गांव बौंगला में कार लावारिस अवस्था में बरामद हो गई।
नगर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि दिल्ली नंबर की कार से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही कार मालिक से संपर्क कर असलियत का पता लगा लिया जाएगा।
ठगों की संख्या को लेकर संशय
कार में कितने ठग थे इस बात पर अभी संशय बना हुआ है। ठगी का शिकार हुए स्वराज सिंह ने दो युवकों को देखना बताया था, लेकिन उसका कहना था कि संभवत: कार में चार युवक सवार थे।