ठगी की ऐसी घटनाओं को पढ़कर हैरान रह जाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून पुलिस की सक्रियता और लोगों को जागरूक करने की कवायदों के बावजूद ऑनलाइन ठगों का जाल लगातार बढ़ रहा है।
कभी लॉटरी तो कभी एकाउंट अपडेट करने का झांसा देकर ठग लोगों से लाखों रुपए ऐंठ रहे हैं।
खास बात यह है कि अब तक कम शिक्षित लोगों को ही शिकार बनाने वाले इन ठगों के निशाने पर अब उच्च शिक्षित शहरी भी आ गए हैं। ऐसे ही दो मामले हाल में सामने आए हैं।
लॉटरी के लिए गंवाए लाखों
दस करोड़ की लॉटरी निकलने के झांसे में आई एक महिला से ठगों ने लाखों रुपये ऐंठ लिए। यहां तक कि महिला ने अपनी संपत्ति तक बेच डाली। अब खेल समझ में आने पर उसने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कैंट क्षेत्र निवासी यह महिला विदेश में शिक्षा प्राप्त कर रही है। फरवरी में एक नंबर से उसके फोन पर आई कॉल में डेढ़ लाख अमेरिकी डालर की लॉटरी निकलने का झांसा दिया गया।
उच्चशिक्षित होने के बावजूद महिला जाल में फंस गई। फोन करने वाले ने महिला को एक खाते में 20 हजार रुपए जमा कराने के लिए कहा।
एसएसपी अजय रौतेला से की शिकायत
इसके बाद 50 हजार, फिर दो लाख और फिर आठ लाख रुपए महिला ने जमा कराए। कुछ समय बाद खाता और मोबाइल नंबर बंद हो गए, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ।
अब महिला ने एसएसपी अजय रौतेला को मामले की जानकारी दी है। महिला के विदेश में शिक्षा पाने के बावजूद झांसे में आ जाने की बात सुन कप्तान भी सकते में आ गए।
पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। सूत्र बताते हैं कि जमा कराई गई रकम करीब एक करोड़ है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
समीक्षा अधिकारी से 50 हजार की ठगी
मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात एक समीक्षा अधिकारी को ठग ने 50 हजार का चूना लगा दिया।
खाता अपडेट करने के नाम पर आए फोन पर अधिकारी ने खुद ही सारी गोपनीय जानकारी ठग को दे दी। इसके बाद ठगों ने उनके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली।
सचिवालय कॉलोनी निवासी कुंवर सिंह चौहान मुख्यमंत्री कार्यालय में समीक्षा अधिकारी हैं। मंगलवार को उनके मोबाइल पर काल आई।
फोन करने वाले ने खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का अधिकारी बताया। उसने चौहान से कहा कि बैंक में उनका खाता अपडेट किया जाना है। उसने चौहान से उनका खाता नंबर, एटीएम नंबर और पिन कोड मांगा।
नेहरू कॉलोनी कोतवाली में कराई रिपोर्ट दर्ज
कुंवर सिंह ने भी बिना सोचे समझे तुरंत सारी जानकारी फोन करने वाले को दे दी। ठग ने चौहान से कहा कि वह पांच मिनट तक अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लें, ऑन करते ही अपडेट की जानकारी मिल जाएगी।
चौहान झांसे में आ गए और मोबाइल बंद कर लिया। कुछ देर बाद उन्होंने मोबाइल ऑन किया तो उसमें बैंक का मैसेज आया। इसमें लिखा था कि उन्होंने 50 हजार रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग की है।
मैसेज देखते ही चौहान के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने उस नंबर पर काल की, लेकिन फोन नहीं मिला। बाद में समीक्षा अधिकारी ने नेहरू कॉलोनी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।