शॉपिंग पर आए विदेशी युवकों ने ऐसे चुरा लिए लाखों के हीरे, जांच में पुलिस के भी छूट रहे पसीने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो विदेशी युवकों ने तीर्थनगरी आकर ऐसा कारनामा कर दिया कि पुलिस के भी पसीने छूट गए। आगे जानिए...
ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला में एक हैंडीक्राफ्ट की दुकान से दो विदेशी नागरिक करीब दो लाख कीमत के हीरे लेकर फरार हो गए। दुकानदार को जब इसका पता चला तो उसने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण झूला टैक्सी स्टैंड के समीप यूपी को-ऑपरेटिव हैंडीक्राफ्ट के नाम से दुकान है। उसके संचालक नरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि 22 अप्रैल को उनकी दुकान पर दो विदेशी युवक खरीदारी के लिए आए थे। उन्होंने ज्वेलरी दिखाने के लिए कहा। इसी बीच उन्होंने बातों में उलझाकर लगभग दो लाख कीमत के हीरे गायब कर दिए। बाद में सामान गिनने के दौरान इसका पता चला।
उन्होंने तुरंत लक्ष्मण झूला थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विदेशियों की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र के होटलों में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें एक युवक की पहचान जॉर्जिया के नागरिक के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं।
मुकदमे की धाराओं में परिवर्तन
पुलिस ने पहले अमानत में खयानत की धारा में मुकदमा दर्ज किया था, जिसे बदलकर चोरी में तरमीम किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि विवेचना के दौरान तथ्य सामने आने के बाद धाराओं को बदला जा रहा है।
इमीग्रेशन विभाग और दूतावास को सूचना दी
आरोपी विदेशी नागरिक देश छोड़कर फरार न हो जाएं, इसके लिए लुकआउट नोटिस के लिए इमीग्रेशन विभाग को सूचित कर दिया है। जिसके चलते देशभर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आरोपी विदेशी नागरिक के पकड़ में आने पर उसकी जानकारी लक्ष्मण झूला थाना पुलिस को देने के लिए भी कहा गया है। साथ ही मामले में जॉर्जिया दूतावास को नोटिस जारी कर दिया गया है।