अतिक्रमण तोड़ने गई नगर निगम की टीम पर फायरिंग, व्यापारी ने जेसीबी चालक पर दागा फायर
इंदिरानगर में नगर निगम की जमीन से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर एक व्यापारी ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे अफरातफरी मच गई। जेसीबी संचालक को निशाना बनाने के साथ अन्य कर्मचारियों पर लाठियां चलाई र्गईं।
गनीमत यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके शस्त्र को कब्जे में ले लिया है। निगम के कर अधीक्षक की तरफ से जान लेवा हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नगर निगम के कर अधीक्षक भूमि विनय प्रताप सिंह की अगुवाई में सहायक अभियंता वेद प्रकाश बधानी, अवर अभियंता प्रेम कुमार शर्मा, कार्यवाहक निरीक्षक नेपाल सिंह, पटवारी राजेन्द्र प्रसाद उनियाल और जेसीबी चालक कृष्ण कुमार के साथ वसंत विहार में इंदिरा कॉलोनी में निगम की जमीन से अतिक्रमण हटाने गए थे।
एक कब्जे को हटाने के बाद टीम जब व्यापारी तेजोराज पटवाल के जाल को हटाने की कोशिश की तो पूरा परिवार विरोध में उतर आया। गरमा-गरमी के बीच तेजोराज पटवाल अंदर से अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया।
पटवाल ने अतिक्रमण तोड़ने का प्रयास कर रहे जेसीबी चालक कृष्ण कुमार को निशाना बनाकर फायर कर दिया, गनीमत यह रही की चालक बच गया। इससे अतिक्रमण हटाओ दस्ते में अफरातफरी मच गई। आरोप है कि पटवाल के परिजनों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया, जिसमें टीम बाल-बाल बच गई।
नगर निगम की टीम पर फायरिंग की खबर मिलते ही इंदिरा नगर चौकी प्रभारी सुनील पंवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी तेजोराज पटवाल को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया।
वसंत विहार पुलिस ने पटवाल के खिलाफ लाइसेंस के दुरुप्रयोग का मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरा मुकदमा कर अधीक्षक विनय प्रताप की तरफ से दर्ज हुआ है। दारोगा पंवार ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पटवाल के लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति भी की जा रही है।