सिंगापुर में पुरोहित बनाने का दिखाया सपना और ले गए लाखों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेश में पुजारी बनने का ख्वाब देख रहे पुजारियों को जब सच्चाई का पता चला तब तक वे बुरी तरह ठगे जा चुके थे। सिंगापुर के मंदिर में पुरोहित बनाने के नाम पर ठगों ने पुजारियों से पांच लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने एक खाते को ब्लॉक कराकर तीन लाख 75 हजार रुपये वापस कर लिए। यह रकम पांच लोगों से वसूली गई थी। इनमें एक दंपति पौड़ी से तो दो अन्य आरोपी गाजियाबाद और दिल्ली से जुड़ाव रखते हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए एसएसपी को पत्र लिखा गया है।
मोथरोवाला के विष्णुपुरम निवासी बुद्धि बल्लभ जोशी ने साइबर थाने पर 11 दिसंबर को शिकायत पत्र दिया था कि अमित धस्माना नाम के शख्स ने अपने साथियों के साथ वादी और उसके चार साथियों नरवेदश्वर प्रसाद गौड़, माधव स्वरूप, अनंतराम बडोनी और प्रवीण भट्ट से सिंगापुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में पुरोहितों की नियुक्ति कराने के नाम पर सितंबर में पांच लाख रुपये लिए थे।
रकम लेने के बाद से आरोपी विदेश भेजने के बजाय उन्हें गुमराह करते रहे। साइबर थाने की जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उस बैंक खाते को ब्लॉक करा दिया, जिसमें रकम स्थानांतरित हुई थी।
खाते से तीन लाख 75 हजार रुपये बरामद किए
थाने के उपनिरीक्षक विनोद चौरसिया ने बताया कि खाता संचालक पर दबाव बनाकर वसूले गए तीन लाख 75 हजार रुपये वापस करा दिए गए हैं।
मामले में अमित धस्माना उर्फ दीपक शर्मा उर्फ अमित धर उर्फ विकास कोहली निवासी मंझगांव पोखरी पौड़ी गढ़वाल (हाल अजनारा अपार्टमेंन्टए सैक्टर 04 वसुंधरा गाजियाबाद), उसकी पत्नी सुषमा शर्मा उर्फ हनी शर्मा, प्रदीप निवासी वैशाली गाजियाबाद, जमन सिंह खतरी निवासी सिद्धार्थ एंकलेव, मोहन गार्डन नई दिल्ली की संलिप्तता उजागर हुई है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ गिरफ्तारी के लिए एसएसपी को पत्र लिखा गया है।