एयरफोर्स के जवान ने युवती से की दरिंदगी, अश्लील वीडियो बनाकर दी वायरल करने की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात के गांधीनगर में तैनात एयरफोर्स के एक जवान पर नजीबाबाद की एक युवती ने हरिद्वार के एक होटल में नशीली फ्रूटी पिलाकर रेप का आरोप लगाया है। आरोप है कि जवान ने नौकरी के नाम पर ठगे गए एक लाख रुपये वापस मांगने पर रेप के दौरान बनाई गई अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी भी दी।
पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसे विवेचना के लिए नजीबाबाद ट्रांसफर किया जा रहा है। पड़ोसी जिले बिजनौर के शहर नजीबाबाद क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने शहर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज कराया है।
इसमें कहा गया है कि एक साल पहले उसकी मुलाकात नजीबाबाद के गांव सीकरी के रहने वाले अरविंद पुत्र मनीराम से हुई थी। युवक ने खुद को एयरफोर्स में तैनात बताते हुए उसे भरोसा दिलाया था कि वह उसकी एवं उसके भाई की नौकरी फोर्स में लगवा देगा। लेकिन इसके लिए एक लाख की रकम देनी होगी।
आरोप है कि एयरफोर्स का जवान बता रहे युवक एवं उसके भाई नितिन को 95 हजार की रकम भी अदा कर दी गई। पिछले वर्ष 18 नवंबर को उसने उसे एवं उसके भाई को गांधीनगर (गुजरात) यह कहकर बुलाया कि दोनों का इंटरव्यू होना है। वहां पहुंचने पर यह कहकर वापस भेज दिया कि सेटिंग से उनका इंटरव्यू करवा दिया गया है। अब नियुक्ति पत्र सीधे घर पहुंच जाएगा। काफी समय गुजरने पर भी नियुक्ति पत्र नहीं आया।
पैसे वापस मांगने पर नौ जून को अरविंद ने उसे हरिद्वार के होटल मंसादेवी दर्शन में बुलाया। फिर उसे नशीली फ्रूटी पिला दी। बेहोश होने पर उसके साथ रेप किया। होश में आने पर धमकी दी कि यदि मुंह खोला तो रेप अश्लील वीडियो सार्वजनिक कर दिया जाएगा। आरोप है कि नजीबाबाद में जब महिला का भाई एवं पिता अरविंद के घर गए तब उनके साथ अरविंद ने अपने भाई एवं पिता के साथ मिलकर मारपीट की।
एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। केस को नजीबाबाद ट्रांसफर कर दिया जाएगा। चूंकि घटना की शुरुआत वहीं से ही हुई है।