समरजहां हत्याकांडः मां ने लगाया गुप्ता परिवार पर आतंकित करने का आरोप, मुख्य आरोपी फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटी समरजहां की हत्या को लेकर मां इशरत बेहद आक्रोशित हैं। आरोप लगाया कि दवा कारोबारी के बेटे और पत्नी ने घर आकर बेटी की हत्या करने की धमकी दी थी। अफसोस जताया उस समय धमकी को गंभीरता से लेती तो आज बेटी जिंदा होती। उधर, समरजहां की हत्या का मुख्य आरोपी अब तक फरार है।
मुजफ्फरनगर से राजपुर थाना पहुंची इशरत ने गुप्ता परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित मां ने कहा गुप्ता से दोस्ती के चलते बेटे कार्तिक और उनकी पत्नी सीमा ने घर आकर उन्हें आतंकित किया था।
आरोप लगाया कि गुप्ता परिवार ने साजिश के तहत उसकी बेटी की हत्या की है। पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि पुलिस बदमाश की तलाश कर रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
समरजहां को मानता था दूसरी मम्मी
गौरतलब है कि सहस्त्रधारा रोड पर मुजफ्फरनगर के दवा कारोबारी राकेश कुमार गुप्ता के साथ लिव इन रिलेशन में रहने वाली समरजहां की सात मई की रात कारसवार बदमाश ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने शुक्रवार को हत्याकांड का खुलासा कर राकेश कुमार गुप्ता, उसकी पत्नी सीमा और बेटे कार्तिक गुप्ता और मोमिन को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का दावा था कि कार्तिक ने माता-पिता की मौन स्वीकृति के बाद मुजफ्फरनगर के एक बदमाश को समरजहां की हत्या के लिए चार लाख रुपये की सुपारी दी थी।
पूछताछ के दौरान गुप्ता परिवार ने पुलिस को गुमराह करने की भरसक कोशिश की। चौबीस घंटे तक पूरा परिवार हत्या से किसी तरह का संबंध होने से इंकार करता रहा। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि कार्तिक तो लगातार यही कहता रहा कि अब परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था। वो तो समरजहां को दूसरी मम्मी मानता था। इस तरह राकेश गुप्ता की पत्नी भी रिश्ते को स्वीकार करने की बात कहती रही। बाद में पुलिस जांच में आए इनपुट के सामने गुप्ता परिवार ज्यादा समय नहीं टिक पाया।