10वीं के छात्र ने रची दोस्त की फिरौती की साजिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर में ही मौजूद दसवीं के छात्र की फिरौती के लिए उसके पिता के पास फोन पहुंचा तो घर में हड़कंप मच गया। मामला जब पुलिस तक पहुंचा तब पर्दा उठा। फिरौती मांग रहा शख्स छात्र का सहपाठी निकला।
शरारत में उसने अपने पड़ोसी छात्र को भी शामिल किया था। कनखल पुलिस ने डांट फटकार के बाद फिरौती मांग रहे छात्रों को परिजन के सुपुर्द कर दिया। मामला हरिद्वार के कनखल क्षेत्र का है।
कृष्णानगर कॉलोनी निवासी वेल्डिंग की दुकान संचालक श्याम नागपाल का पुत्र डीएवी में दसवं का छात्र है। रविवार देर रात उनके पास एक कॉल आई। कॉल कर रहे शख्स ने कहा कि यदि उन्हें अपने पुत्र की जान प्यारी है तो एक करोड़ दो। लेकिन बेटे के घर पर मौजूद होने पर पिता का माथा ठनक गया।
आरोप है कि कॉल कर रहे शख्स ने पिता से गाली गलौच भी की। फिर मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। सोमवार को पिता ने कनखल पुलिस को सूचना दी। तब भी मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
पुलिस ने खंगाली काल डिटेल तो हुआ खुलासा
शाम को एसओ रितेश शाह ने ऑन होने पर मोबाइलधारक से बात करने का प्रयास किया लेकिन घंटी जाने के बाद मोबाइल फिर स्विच ऑफ कर दिया। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली। मोबाइल फोन ज्वालापुर की हरिलोक कॉलोनी के नौकरी पेशा व्यक्ति का निकलकर आया।
पुलिस ने उसे हिरासत में लिया तब पता चला कि उक्त नंबर होली गैंगेज स्कूल में आठवीं में अध्यनरत पुत्र के पास भी रहता है। पुलिस ने उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
छात्र ने बताया कि उसका पड़ोसी दोस्त भी डीएवी में दसवीं का छात्र है और जिस छात्र के पिता से फिरौती मांगी गई है वो उसका दोस्त है। एक ही कक्षा में पढ़ते है। हकीकत सामने आने पर छात्रों के माता पिता भी सन्न रह गए।
पुलिस भी एक बारगी छात्रों की शरारत से हतप्रभ दिखाई दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि शरारत की गई है लिहाजा भविष्य को देखते हुए छात्रों को चेतावनी देकर उनके माता पिता के सुपुर्द किया गया है।