आग से गोशाला जलकर खाक, चार बकरियां और बछिया जिंदा जले
देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र स्थित सभावाला के माजरी गांव में स्थित गोशाला में आ लगने से चार बकरियां और एक बछिया जिंदा जल गई, जबकि एक गाय और भैंस बुरी तरह झुलस गए।
आग से गोशाला पूरी तरह तबाह हो गई। आग के कारणों का पता नहीं चल रहा है। पशुपालक ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। घटना सहसपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार रमेश पुत्र संतराम निवासी माजरी की घर से करीब 500 मीटर दूर पर कच्ची गोशाला थी। जिसके ऊपर घास का छप्पर था। शुक्रवार की दोपहर गोशाला के अंदर पशु बंधे हुए थे तभी आग भड़क गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोशाला से कुछ ही दूरी पर पेड़ के नीचे रमेश सो रहा था।
पशुओं की चीख सुन टूटी नींद
पशुओं की आवाज सुनकर रमेश की नींद टूटी। उसने मदद के लिए ग्रामीणों को पुकारा। आनन फानन में ग्रामीणों ने एक गाय और एक भैंस को किसी तरह बाहर निकाला। दोनों बुरी तरह झुलस गए थे।
तेज हवा से विकराल हुई आग ने कुछ ही देर में पूरी गोशाला को नष्ट कर दिया। जिससे उसमें बंधी पांच बकरियां और एक बछिया जिंदा जल गए। सूचना पर पहुंचे दमकल और पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
पीड़ित ने बताया कि पशुपालक ही उसका मुख्य व्यवसाय है जिससे वह परिवार चलाता है। कहा कि पशुओं के जिंदा जलने और झुलसने से उसके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एसडीएम हर गिरी ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट देने को कहा है।