Coronavirus in Uttarakhand: जल्द शुरू हो सकता है अंतरराज्यीय बसों का संचालन
- केंद्र सरकार की एडवाइजरी जारी होने बाद निगम प्रबंधन ने शुरू तैयारियां
विस्तार
केंद्र सरकार की ओर से सभी राज्यों को भेजी गई एडवाइजरी में एक दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाने संबंधी फैसले के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम को अंतरराज्यीय बसों के संचालन को लेकर उम्मीद जगी है। अधिकारियों ने बसों के संचालन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से नई दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए बसों का संचालन किया जाता है लेकिन कोरोना संकट के चलते इन बसों का संचालन बंद है। जिसके चलते निगम को भारी घाटा भी उठाना पड़ रहा है। फिलहाल राज्य के भीतर ही 300 बसों का संचालन किया जा रहा है। जबकि 1200 से अधिक बसें सभी डिपो में खड़ी हैं।
ऐसे में अब जबकि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर कहा है कि एक दूसरे राज्य लोगों की आवाजाही पर पाबंदी न लगाएं तो निगम के अधिकारियों को अंतरराज्यीय बसों के संचालन की उम्मीद जगी है। विभाग ने तो बसों के संचालन को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं ताकि सरकार से हरी झंडी मिलते ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाए।
निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि अंतरराज्यीय बसों के संचालन को लेकर निगम स्तर पर तैयारियां पूरी हैं। बसों के संचालन का अंतिम फैसला सरकार को करना है। सरकार और शासन स्तर पर जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।