उत्तराखंड: तीरथ बोले- कोरोना की तीसरी लहर के लिए व्यवस्थाएं पूरी, सीएम आवास भी हो रहा इलाज के लिए तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी लहर में मेडिकल स्टाफ ने जो काम किया उसके लिए उन्हें सलाम है।
विस्तार
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कोविड की तीसरी लहर को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास को इसके इलाज के लिए तैयार करने जा रहे हैं। इसके अलावा हर जिले में डीएम और सीएमओ को कहा गया है कि दो से तीन होटलों को इसके लिए तैयार रखें।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए हेल्पलाइन का शुभारंभ करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि कोविड की दूसरी लहर के बारे में किसी को पता नहीं था कि इतनी तेजी से लोग संक्रमित होंगे, इसके बावजूद हमने व्यवस्थाएं कीं। उस दौरान वह सभी 13 जिलों में गए और पीड़ितों के दर्द को समझा, जब लोग अपने ही लोगों के पास जाने से डर रहे थे।
उत्तराखंड: एक फोन पर होगा बुजुर्गों की समस्याओं का समाधान, सीएम ने किया हेल्पलाइन 14567 का शुभारंभ
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने भी मृतकों का दाह संस्कार कराया। उन्होंने कहा कि अब तीसरी लहर से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है। किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आएगी।
आईडीपीएल ऋषिकेश, एम्स, हल्द्वानी आदि अस्पतालों में बच्चों के साथ ही उनके माता पिता के लिए भी व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री आवास को भी कोविड के इलाज के लिए तैयार करने जा रहे हैं। उप चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के साथ सांसद भी हैं। उन्हें चुनाव लड़ना है। इस पर पार्टी को निर्णय लेना है। उन्हें अब तक पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है उसे वह निभाते आए हैं।
#COVID19 की संभावित तीसरी लहर के लिए हमारी सरकार ने इतनी तैयारियां कर ली हैं कि इस पर काबू पाने में हमें कोई दिक्कत नहीं होगी।
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) June 24, 2021
मैं अपना मुख्यमंत्री आवास भी कोविड के लिए तैयार करने जा रहा हूँ। जनता जनार्दन की सेवा के लिए जो भी त्याग संभव हो, उसे मैं निश्चित तौर पर करूँगा। pic.twitter.com/bDi9pR6heo