Lockdown: राजाजी नेशनल पार्क की गौरी रेंज में वन गुज्जरों के पास राशन का संकट, पशुओं के लिए चारा भी नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजाजी नेशनल पार्क की गौरी रेंज में रहने वाले वन गुज्जर समुदाय को खाद्य सामग्री नहीं मिल पा रही है। प्रशासन स्तर से अब तक इनकी कोई सुध नहीं ली गई। गुज्जर समुदाय का कहना है कि लॉकडाउन के चलते हम बाजार से भी सामान नहीं खरीद पा रहे हैं।
राजाजी नेशनल पार्क की गौरी रेंज में अभी तक कोई खाद्य सामग्री वितरित नहीं की गई है। प्रशासन की ओर से इनके लिए मास्क और सैनिटाइज की भी व्यवस्था नहीं की गई है। इनके पशुओं के सामने भी चारे का संकट गहराने लगा है।
वन गुज्जर अमीर हमजा, इनाम व आफताब ने बताया कि सरकार को हमारे लिए खाद्य सामग्री और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करनी चाहिए। प्रशासन की ओर से आसपास के गांवों में काफी मात्रा में राशन वितरित किया गया है सरकारी गल्ले के तहत भी राशन दिया जा रहा है। लेकिन वन गुज्जरों की समस्याओं को दरकिनार किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी को कई बार अवगत कराया गया। बावजूद इसके अभी तक किसी ने हमारी सुध नहीं ली है।
तीर्थनगरी में नहीं हो रहा सोशल डिस्टेंस का पालन
सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन न हो, इसके लिए लोगों से बार-बार घर पर ही रहने का आह्वान कर रहे हैं। बावजूद इसके दुकानों से जरूरत का सामान लेने के दौरान लोग सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने की और अधिक संभावना है। प्रशासन का भी इस पर ध्यान नहीं जा रहा है। सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन करने में जितने गुनहगार ग्राहक हैं, उतने ही दुकानदार भी हैं।
इनकी ओर से भी दुकान के बाहर गोले नहीं बनाए गए हैं। तीर्थनगरी में शुक्रवार को अमर उजाला टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर ऐसी जगहों को कैमरे में कैद किया। जहां सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया जा रहा है। इसमें हरिद्वार मार्ग, परशुराम चौक, चंद्रेश्वर नगर, रेलवे रोड, मायाकुंड सहित कई स्थानों पर राशन, डेली नीड्स की दुकान, पेट्रोल पंप, नगर निगम के बाहर लगने वाली सब्जी मंडी में इसका उल्लंघन साफ तौर पर देखा जा सकता है। निगम के बाहर लगी सब्जी की दुकानों में पुलिसकर्मी तक तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद जागरूक लोग ही इसका उल्लंघन करने पर उतारू हैं।