Coronavirus in Uttarakhand: दुकानदार को धमकाने का वीडियो वायरल, छह लोगों पर दर्ज हुआ केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी के एफटीआई तिराहे पर दुकानदार को धमकाने पर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जानकारी के मुताबिक बनभूलपुरा के दुकानदार जावेद ने एफटीआई तिराहे पर फलों की दुकान लगाई थी। इस दौरान कुछ लोग उस पर दुकान बंद करने का दबाव बनाने लगे।
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
उनका कहना था कि बनभूलपुरा के कुछ लोग कोरोना संक्रमित हैं। इस कारण वायरस खत्म होने के बाद ही उसे दुकान लगानी होगी। इस बीच किसी ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
शिकायत पुलिस तक पहुंचने पर मेडिकल चौकी प्रभारी मनवर सिंह ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस इस मामले में सभी आरोपियों की तलाश कर रही है। कोतवाल संजय कुमार ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बनभूलपुरा क्षेत्र को पुलिस ने किया सील
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस ने मंगलवार को बनभूलपुरा को चार सेक्टरों में बांटकर सील कर दिया। 28 गलियों के रास्तों को बंद किया गया है। यहां 72 घंटों के लिए वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
सिर्फ थाने की तरफ जाने वाली चोरगलिया रोड को बंद से मुक्त रखा गया है। बनभूलपुरा क्षेत्र में पांच जमातियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने और उनके संपर्क में आए 63 लोगों के मिलने से जिला प्रशासन की नींद उड़ हुई है।
लोग सामाजिक दूरी बनाने के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे
अधिकारियों के समझाने के बाद भी लोग सामाजिक दूरी बनाने के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे। इस पर जिला प्रशासन ने क्षेत्र को सील कर दिया।
पुलिस स्वास्थ्य विभाग की टीम की रिपोर्ट के आधार पर काम कर रही है। हम बनभूलपुरा में 72 घंटे नाकेबंदी कर लोगों को सुरक्षित करना चाहते हैं। इलाके को सील करने का उद्देश्य कोरोना वायरस को दूर भगाना है।
- सुनील कुमार मीणा, एसएसपी, नैनीताल