Corona in Uttarakhand: 512 नए संक्रमित मिले, पांच की मौत, मरीजों की संख्या 70 हजार पार
- कुल संक्रमितों का आंकड़ा 70 हजार के पार
विस्तार
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। नौ दिनों के बाद पांच सौ से अधिक संक्रमित मामले मिले हैं। बीते 24 घंटे में पांच मरीजों की मौत और 512 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। देहरादून में सबसे अधिक 204 संक्रमित मामले मिले हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 70 हजार पार हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को 10994 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 512 नए संक्रमित मामले मिले हैं। देहरादून जिले में फिर से संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। कुल संक्रमितों की संख्या 70205 हो गई है। इसमें 64939 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand : ठंड बढ़ने के साथ मजबूत होता जाएगा कोरोना वायरस
देहरादून जिले में 204 कोरोना मरीज मिले हैं। चमोली में 45, नैनीताल में 43, हरिद्वार में 39, पौड़ी में 35, पिथौरागढ़ में 27, टिहरी में 23, ऊधमसिंह नगर में 22, रुद्रप्रयाग में 20, अल्मोड़ा में 16, बागेश्वर में 14, उत्तरकाशी व चंपावत जिले में 12-12 संक्रमित मामले मिले हैं।
प्रदेश में पांच मरीजों की मौत हुई है। इसमें सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एक, दून मेडिकल कॉलेज में एक, एम्स ऋषिकेश में एक, एचएनबी बेस हॉस्पिटल श्रीनगर में एक, मेडीसिटी हाॅस्पिटल रुद्रपुर में एक संक्रमित मरीज ने दमतोड़ा है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 1138 हो गई है। वहीं, 585 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन कसेगा शिकंजा
राज्य समेत बाहरी राज्यों में बढ़ रहे कोरोना के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली से आने वाले यात्रियों पर पाबंदी में ढील से यह खतरा और भी बढ़ गया है।
रुड़की में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने बताया कि बढ़ते मामलों के बीच रोकथाम के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार की जा रही है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को नारसन बॉर्डर का भी निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को इस संबंध में व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। बाजारों में संक्रमण रोकने के लिए लापरवाही करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने बताया कि नारसन बॉर्डर पर कर्मचारियों को मुस्तेदी के साथ सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सैंपलिंग बढ़ाए जाने की कोशिश है। इसके लिए जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी की जाएगी। वहीं शनिवार को व्यापारियों के साथ भी बैठक तय की गई है।
इसमें बाजार में आने वाले लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए रणनीति पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के चलते थोड़ी ढील दी गई थी, लेकिन अब त्योहार समाप्त हो गए हैं और कोरोना के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में मास्क और सैनिटाइजर को लेकर सख्ती बरती जाएगी।