उत्तराखंडः शनिवार को मिले कोरोना संक्रमण के 44 नए मामले, दो मरीजों की हुई मौत
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में दो कोरोना मरीजों की मौत हुई है और 44 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 96766 हो गई है, जबकि 47 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
प्रदेश में अब तक 1680 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, कुल 93060 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 637 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.17 प्रतिशत हो गई है।
दून अस्पताल में सोमवार से शुरू होंगे ऑपरेशन
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार से ऑपरेशन शुरू होंगे। दून अस्पताल के कोरोना मरीजों के लिए समर्पित होने पर करीब 11 महीने बाद ऑपरेशन हो सकेंगे। इससे मरीजों खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक लोगों को निजी अस्पतालों में ऑपरेशन कराने पड़ रहे थे।
सामान्य मरीजों को भर्ती भी किया जाने लगा
बता दें कि वैक्सीन आने के बाद कोरोना मरीजों की संख्या घटने पर ओपीडी के साथ ही अस्पताल में सामान्य मरीजों को भर्ती भी किया जाने लगा है। अस्पताल में ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी को लेकर प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने ऑपरेशन थियेटर और वार्डों का निरीक्षण किया। शनिवार को प्राचार्य ने संबंधित अधिकारियों और विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की।
सोमवार से ऑपरेशन शुरू करने के निर्देश
डॉ. सयाना ने सभी सर्जन को सोमवार से ऑपरेशन शुरू करने के निर्देश दिए। डॉ. सयाना ने बताया कि जनरल सर्जरी, नाक-कान-गला, हड्डी, नेत्र, महिला एवं प्रसूति से संबंधित मरीजों के ऑपरेशन सोमवार से शुरू हो जाएंगे। इससे मरीजों को खासी राहत मिलेगी। हर विभाग के डॉक्टर और स्टाफ ने इसके लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कहा कि मरीजों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।