Coronavirus in uttarakhand: सरकार ने निजी अस्पतालों को दी कोरोना मरीजों का इलाज करने की छूट
- निजी चिकित्सा विश्वविद्यालय और कॉलेज से संबद्ध अस्पताल कर सकेंगे इलाज
- अभी तक एनएबीएच से मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों को ही थी इलाज की अनुमति
विस्तार
उत्तराखंड सरकार ने निजी अस्पतालों को कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज करने की छूट दे दी है। अब निजी चिकित्सा विश्वविद्यालय और कॉलेज से संबद्ध अस्पताल भी संक्रमित मरीज का इलाज कर सकेंगे। सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रदेश सरकार ने कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 21 अगस्त को गाइडलाइन जारी की थी, लेकिन प्रदेश में नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों को ही कोरोना मरीजों का इलाज करने की अनुमति दी गई थी। प्रदेश में एनएबीएच से मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों की संख्या मात्र तीन है।
शुक्रवार को सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी की ओर से जारी आदेश के अनुसार निजी चिकित्सा विश्वविद्यालय और कॉलेजों से संबद्ध निजी अस्पतालों को भी कोरोना संक्रमित मरीज का इलाज करने की अनुमति दे दी गई है।
अस्पतालों को वास्तविक और न्यूनतम दरों पर ही कोरोना मरीज का इलाज करना होगा। वहीं, केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। सरकार की ओर से दी गई छूट से अब प्रदेश में कई निजी अस्पताल कोरोना मरीज का इलाज कर सकेंगे।
सीएम क्वारंटीन से बाहर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सेल्फ क्वारंटीन में
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का सेल्फ क्वारंटीन पूरा हो गया है, वह शनिवार को सचिवालय आएंगे। उधर, बेटे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत सेल्फ क्वारंटीन हो गए हैं, उनकी जांच भी की गई है, रिपोर्ट आना बाकी है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री की कोविड जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। क्वारंटीन में जाने से पहले भी मुख्यमंत्री की कोविड जांच नेगेटिव आई थी, लेकिन एहतियात के तौर पर वे क्वारंटीन हो गए थे। तीन दिन सेल्फ क्वारंटीन रहने के बाद वह शनिवार को फिर से फील्ड में उतर रहे हैं। उनके साथ अन्य स्टाफ भी सेल्फ क्वारंटीन से बाहर आ जाएगा। हालांकि पहले सीएम की आज शुक्रवार को ही क्वारंटीन से बाहर आने की तैयारी थी।
शनिवार को मुख्यमंत्री अपने आवास पर शासकीय कामकाज निपटाएंगे। उनका दोपहर बाद सचिवालय आने का कार्यक्रम है। चार बजे वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार कुंभ 2021 की तैयारियों के संबंध में अखाड़ा परिषद की बैठक है। मुख्यमंत्री इस बैठक में शिरकत करेंगे। यह बैठक शुक्रवार को होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री के क्वारंटीन में होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। वहीं, शाम को मुख्यमंत्री वेबीनार के माध्यम से महिला शक्ति विषय पर संवाद करेंगे।