Coronavirus in uttarakhand: सोमवार को मिले 512 नए संक्रमित, 10 मरीजों की हुई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामले और मरीजों की मौत होना थम नहीं रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर 512 नए संक्रमित मिले हैं और 10 मरीजों की मौत हुई है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 78 हजार पार हो गया है। वहीं, मरने वालों की संख्या 1295 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को 12637 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि 512 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। देहरादून समेत चमोली, पौड़ी जिले में संक्रमित मामले बढ़े हैं। देहरादून में सबसे अधिक 229 कोरोना मरीज मिले हैं। हरिद्वार में 60, नैनीताल में 53, चमोली में 37, पौड़ी में 25, टिहरी में 20, ऊधमसिंह नगर में 19, उत्तरकाशी में 19, अल्मोड़ा में 18, पिथौरागढ़ में 15, चंपावत में 12, रुद्रप्रयाग में चार और बागेश्वर में एक संक्रमित मिला है।
प्रदेश में 24 घंटे में 10 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इसमें श्री महंत इन्दिरेश हास्पिटल में छह, एम्स ऋषिकेश में एक, दून मेडिकल कॉलेज में दो, सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एक मरीज ने उपचार के दौरान दम तोड़ा है। अब तक प्रदेश में मरने वालों की संख्या 1295 हो गई है। वहीं, 471 मरीजों के इलाज के बाद घर भेजा गया। इन्हें मिला कर 71105 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
देहरादून नगर निगम के लेखा अनुभाग के एक अधिकारी कोरोना संक्रमित
देहरादून नगर निगम के लेखा अनुभाग के एक अधिकारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर नगर निगम में फिलहाल जरूरी कार्य रोक दिए गए हैं। साथ ही सैनिटाइजेशन का कार्य भी शुरू कर दिया गया। मेयर सुनील उनियाल गामा ने जानकारी दी कि नगर निगम पब्लिक के लिए 02 दिन के लिए बंद किया गया है।
जिपं अध्यक्ष रजनी और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र कोरोना पॉजिटिव
चमोली की जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी और उनके पति पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सोमवार को दोनों स्वास्थ्य लाभ के लिए हेलीकॉप्टर से देहरादून एम्स अस्पताल रवाना हुए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने चार दिसंबर को अपनी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष की रिपोर्ट इससे पहले पॉजिटिव आई थी।
डिप्टी सीएमओ डा. एमएस खाती ने बताया कि दोनों दोनों का स्वास्थ्य सामान्य है। वह कई दिनों से घर में ही आइसोलेट थे, लेकिन सोमवार को स्वास्थ्य लाभ के लिए हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश रवाना हुए।
देरी से हुई शिक्षकों कोविड जांच, अब रिपोर्ट का इंतजार
सोमवार को स्कूल में 10 शिक्षकों की कोविड जांच कराई गई। स्कूल की प्रधानाचार्य नर्वदा राणा के अनुसार दो दिसंबर को एक शिक्षिका में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्कूल को जानकारी मिलने पर शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया।
पुष्टि होने के बाद स्कूल ने स्वास्थ्य विभाग से शिक्षिका के संपर्क में आए शिक्षकों की कोविड जांच कराने का आग्रह किया था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने तीन या चार तारीख का समय दिया। इस दौरान स्कूल में डीएलएड परीक्षा प्रस्तावित थी। इस कारण स्कूल ने शिक्षकों की जांच कराने में असमर्थता जताई।
इस कारण से जांच में देरी हुई। कहा कि हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से स्कूल को तीन तारीख से ही बंद रखा गया है। सिर्फ रविवार को डीएलएड परीक्षा के लिए स्कूल खोला गया। खंड शिक्षाधिकारी स्वराज तोमर ने कहा कि शिक्षिकों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। तब तक सभी को होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए हैं। स्कूल को सैनिटाइज भी कराया गया है।
इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। स्कूल में संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे। शिक्षक व छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। - यशवंत चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी
ठीक होने वालों से ज्यादा संक्रमित मामले, बढ़ रहे सक्रिय मरीज
बीते चार दिनों से संक्रमितों की संख्या ठीक होने वाले मरीजों से अधिक है। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 5234 हो गई है। देहरादून जिले में सबसे अधिक 1738 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि रुद्रप्रयाग जिले में सबसे कम 85 सक्रिय मरीज हैं।
स्वास्थ्य सचिव अमित सिंह नेगी का कहना है कि प्रदेेश में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। कोविड अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर में 25 हजार से अधिक बेड की व्यवस्था है। वर्तमान में कोरोना संक्रमित कई मरीज होम आईसोलेशन में उपचार ले रहे हैं। प्रदेश में मृत्यु दर को कम करने पर विशेष जोर है।
चार दिनों में कोरोना संक्रमण की स्थिति
दिन - संक्रमित - ठीक हुए
04 दिसंबर - 618 - 560
05 दिसंबर - 680 - 457
06 दिसंबर - 424 - 346
07 दिसंबर - 512 - 471