Coronavirus in Uttarakhand: आज सामने आए 50 कोरोना पॉजिटिव केस, कुल संक्रमित हुए 1355
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में रविवार दोपहर तक कोरोना संक्रमण के 50 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1355 हो गया है। जांच रिपोर्ट में 1118 सैंपल निगेटिव मिले हैं। वहीं, अब तक 498 संक्रमित मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा जा चुका है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि अभी भी 824 एक्टिव केस हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: देहरादून में 24 घंटे के अंदर दूसरे कोरोना संक्रमित की मौत, 13 मरीजों की जा चुकी जान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली रिपोर्ट के अनुसार, आज देहरादून में 24, हरिद्वार में 32, पौड़ी में दो, टिहरी में आठ संक्रमित मामले में आए हैं। वहीं, देहरादून में शनिवार देर रात और रविवार सुबह दो कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। वहीं, प्रदेश में अब तक 13 संक्रमित मरीजों की जान जा चुकी है।
प्रदेश में घट गई सैंपलिंग की रफ्तार
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए लैब की सुविधा बढ़ने के बाद भी सैंपलिंग की रफ्तार घट गई है। तीन दिनों से प्रदेश में प्रतिदिन 500 से 600 सैंपल ही जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इससे पहले एक दिन में एक हजार से अधिक सैंपल लिए जा रहे थे।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने भी सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आईआईपी देहरादून में लैब शुरू होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने चंडीगढ़ निजी लैब के साथ सैंपल टेस्टिंग के लिए एमओयू किया है। वर्तमान में प्रदेश में पांच सरकारी लैब, एक निजी पैथोलॉजी लैब के साथ चंडीगढ़ की लैब सैंपल जांच अनुबंध हुआ है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है प्रदेश में प्रतिदिन लिए जा रहे सैंपलों का आकलन करने पर जांच में ठहराव सा आ गया है। पिछले तीन दिनों में जांच के लिए भेजने जाने वाले सैंपलों की संख्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि इस समय सैंपलिंग बढ़ाने की रणनीति होनी चाहिए। प्रतिदिन 1200 से 1500 सैंपल जांच के लक्ष्य पर काम होना चाहिए।
पिछले छह दिन में जांच के लिए गए सैंपल
1 जून - 993
2 जून - 1268
3 जून - 1128
4 जून - 571
5 जून - 566
6 जून - 587
युवती पॉजिटिव मिलने पर 50 परिवार पाबंद
रुड़की में एक युवती में कोरोना की पुष्टि होने के बाद इमली रोड स्थित एक गली को पूरी तरह से पाबंद कर दिया है। साथ ही गली के सभी परिवारों को होम क्वारंटीन का पालन करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित युवती के परिवार के सभी लोगों को भी होम क्वारंटीन कर दिया है। गली में पुलिस बल तैनात किया गया है।
शनिवार रात रुड़की स्थित इमली रोड निवासी एक युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दरअसल, मार्च में युवती की शादी गाजियाबाद के लोनी निवासी एक युवक से हुई थी। तभी से युवती अपनी ससुराल में ही रह रही थी। 31 मई को युवती का भाई प्राइवेट गाड़ी करके उसे गाजियाबाद से रुड़की अपने घर लेकर आया था। एक जून को युवती का सिविल अस्पताल में सैंपल लिया गया था। शनिवार रात युवती कोरोना संक्रमित पाई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रात में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और सोत बी पुलिस चौकी प्रभारी अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात में ही स्वास्थ्य विभाग ने युवती को मेला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती करा दिया था।
जबकि परिवार के सभी लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया था। अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने रात में ही पूरी गली को बैरिकेडिंग लगाकर पाबंद कर दिया है। गली में करीब 50 परिवार रहते हैं। सभी लोगों को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी है। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि गली को बैरिकेडिंग लगाकर पाबंद कर दिया है। मौके पर पुलिस तैनात की गई है।
शहर में चला सैनिटाइजेशन का अभियान
राजधानी देहरादून में नगर निगम की टीम ने मंदिरों और लोगों के घरों में जाकर सैनिटाइजेशन किया। वहीं, नगर निगम ऋषिकेश में भी कोरोना संक्रमण और डेंगू के संभावित खतरे के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर में सुपर संडे सैनिटाइजेशन महाअभियान चला। रविवार को साप्ताहिक बंदी के दिन मेयर अनिता ममगाई की अगुवाई में चले इस अभियान में नगर निगम कर्मचारियों ने जमकर पसीना बहाया।