Coronavirus in Uttarakhand : कोरोना की चपेट में मुख्यमंत्री के ओएसडी, पॉजिटिव पत्नी की हुई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के एक और विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) ऊर्बा दत्त भट्ट कोरोना की चपेट में आ गए हैं। वहीं उनकी पत्नी की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिनका आज निधन हो गया है। उनकी पत्नी शिक्षिका थीं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने निधन की पुष्टि की है। ऊर्बा दत्त भट्ट इलाज के लिए श्री महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती हैं।
Coronavirus in Uttarakhand: एक सप्ताह में बढ़े 2000 सक्रिय मरीज, 8500 पहुंची संख्या
ऊर्बा दत्त ने उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उन्हें मंगलवार को कोरोना की शिकायत हुई। उनकी पत्नी के कार्यालय में किसी कार्मिक में कोरोना लक्षण थे।
उसके बाद उनकी पत्नी और उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखे। जांच कराने पर कोरोना की पुष्टि हुई। उनकी पत्नी आईसीयू में भर्ती थीं। वे भी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। ऊर्बा से पहले मुख्यमंत्री के दो अन्य ओएसडी और आर्थिक एवं आईटी सलाहकार कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया गहरा शोक
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने विशेष कार्याधिकारी ऊर्बा दत्त भट्ट की धर्मपत्नी वर्षा गोनियाल भट्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने अस्वस्थ चल रहे ऊर्बा दत्त के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
शिक्षा विभाग में कोरोना की दस्तक
शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सोशल मीडिया में इस तरह की खबर वायरल हो रही है। बताया गया है कि इससे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि इस बारे में प्रयास के बाद भी शिक्षा सचिव से संपर्क नहीं हो पाया है।
शिक्षा विभाग एससीईआरटी में हाल ही में दो लेक्चरर को कोरोना पॉजिटिव होना पाया गया था। इसके बाद शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों को घर से ही काम करने के आदेश दिए गए थे। यही वजह थी कि विभाग की ओर से संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए लेक्चरर के पद पर प्रमोशन पाने वाले 12 सौ से अधिक शिक्षकों की काउंसिलिंग को स्थगित कर दिया गया। अब बताया गया है कि शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम भी कोरोना पॉजिटिव है।
एम्स ऋषिकेश में संवाद हेल्प डेस्क स्थापित
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश ने अस्पताल में भर्ती कोविड पॉजिटिव व कोविड आशंकित मरीजों के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी उनके तीमारदारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संवाद हेल्प डेस्क स्थापित की है।
लिहाजा ऐसे लोग अथवा अटेंडेंट जिनके पेशेंट एम्स अस्पताल में कोविड के उपचार के लिए भर्ती हैं, वह संवाद डेस्क को व्हाट्सएप संदेश भेज कर अथवा दूरभाष संपर्क साधकर अपने मरीज के स्वास्थ्य से संबंधित संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अस्पताल की ओर से इसके लिए बाकायदा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
इसके लिए वह दूरभाष नंबर- 0135 2462929 व व्हाट्सएप नंबर 7217014336 पर संपर्क स्थापित कर अपने मरीज के स्वास्थ्य से जुड़ी अपडेट ले सकते हैं। इसके साथ ही उक्त दोनों नंबर पर फोन कॉल व व्हाट्सएप संदेश भेजकर आप अपने मरीज से संबंधित जानकारी ले सकते हैं। इसके लिए जानकारी लेने वाले व्यक्ति को भर्ती मरीज के ब्लॉक,वार्ड व बेड संख्या हेल्प डेस्क को बतानी होगी। हेल्प डेस्क 24 घंटे सुचारू रहेगी।