LockdownUttarakhand: बिजनौर में युवक मिला कोरोना संक्रमित, सीमा से लगे जसपुर में सात गांवों के लोग होम क्वारंटीन
- अफजलगढ़ तहसील में एक व्यक्ति मिला है कोरोना पॉजिटिव
- तहसील के मनियावाला गांव से लगे हैं यूएसनगर जिले के ये गांव
विस्तार
उत्तराखंड के ऊधमिसंह नगर जिले की जसपुर तहसील से लगी बिजनौर (यूपी) की अफजलगढ़ तहसील के ग्राम मनियावाला में कोरोना से संदिग्ध एक व्यक्ति के सैंपल जांच में पॉजिटिव आए हैं। इसके बाद डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने जसपुर के सात गांवों के लोगों को होम क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं।
बिजनौर के मनियावाला गांव की सीमा से लगे जसपुर के सात गांवों में उक्त व्यक्ति के आवागमन और एस दूसरे से संपर्क में आने की पूरी संभावना है। इस कारण जिले के उक्त गांवों में संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो गया है।
डीएम ने एसडीएम जसपुर को मनियावाला गांव से लगे जिले के सात गांवों अंगदपुर, धर्मपुर, आसपुर, रायपुर, पूरनपुर, गूलरगोजी, किशनपुर के लोगों को अग्रिम आदेशों तक होम क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं।
बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंध
इस अवधि में सभी लोग अपने घरों में ही रहेंगे। किसी बाहरी व्यक्ति का इन गांवों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन गांवों में आवश्यक वस्तुओं की डोर-टू-डोर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। आकस्मिक सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होंगी।
डीएम ने बताया कि नोडल अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि राशन, सब्जियों और अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति होती रहे। उन्होंने सीएमओ को सात गांवों के लिए अलग-अलग टीमें गठित करने, घर-घर जाकर सभी लोगों की स्क्रीनिंग करने और सैंपल लेने की कार्यवाई जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।