Coronavirus: उत्तराखंड में आज मिले 143 नए संक्रमित केस, मरीजों का आंकड़ा 6000 पार
- ऊधमसिंह नगर में 51, देहरादून में 46, हरिद्वार जिले में 26 संक्रमित मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में रविवार को 143 नए कोरोना संक्रमित केस मिले हैं। इन्हें मिला कर प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा छह हजार के पार पहुंच गया है। वहीं, आज 71 संक्रमित मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया है। अब तक प्रदेश में 3500 से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, रविवार को आई जांच रिपोर्ट में 2352 सैंपल निगेटिव मिले हैं। ऊधमसिंह नगर जिले में 51 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 40 लोग संपर्क में आने से कोरोना की चपेट में आए हैं। जबकि दो मुंबई, एक बरेली और आठ संक्रमित फ्लू क्लीनिक में मिले हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में बढ़ रहे संपर्क में आने वाले कोरोना संक्रमित मरीज
देहरादून जिले में 46 संक्रमित मामले मिले हैं। इसमें 21 संक्रमित संपर्क में आए थे। जबकि, 25 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। हरिद्वार जिले में 26 संक्रमितों में 10 संपर्क में आए और 16 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। उत्तरकाशी जिले में छह संक्रमितों में पांच मरीज संपर्क और एक की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
नैनीताल जिले में पांच संक्रमितों में एक संपर्क में आया, एक फ्लू क्लीनिक से मिला और तीन की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। अल्मोड़ा और पौड़ी जिले में तीन-तीन संक्रमित मिले हैं। इनकी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी जिले में एक-एक संक्रमित मिले हैं। इसमें चमोली जिले में मिला संक्रमित गुजरात से लौटा है।
आज मिले संक्रमित मामले
जिला केस
ऊधमसिंह नगर 51
देहरादून 46
हरिद्वार 26
उत्तरकाशी 06
नैनीताल 05
अल्मोड़ा 03
पौड़ी 03
चमोली 01
रुद्रप्रयाग 01
टिहरी 01
सैंपल जांच बढ़ने के साथ दोगुनी रफ्तार से बढ़े कोरोना संक्रमित
प्रदेश में कोरोना काल के 19वें सप्ताह में संक्रमण की स्थिति चिंताजनक रही। सैंपल जांच बढ़ने के साथ ही संक्रमितों के मामले दोगुनी रफ्तार से बढ़े हैं। पहली बार एक सप्ताह में एक हजार से अधिक कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। वहीं, सक्रिय मामले (एक्टिव केस) भी 2365 पहुंच गए हैं।
प्रदेश में कोरोना काल के 133 दिन (19 सप्ताह) 25 जुलाई को पूरे हो गए हैं। 19 वें सप्ताह में 24225 सैंपलों की जांच की गई है। इसमें 1685 संक्रमित मिले। जबकि 18वें सप्ताह में प्रदेश में 859 संक्रमित मिले थे। सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच बढ़ाई तो संक्रमित मामले भी दोगुने हो गए। सक्रिय मामले 1108 से बढ़ कर 2365 पहुंच गए हैं।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि प्रदेश में सैंपल जांच बढ़ी है। लेकिन सप्ताह वार तुलना की जाए तो जांच के साथ संक्रमित मामलों की संख्या भी दोगुनी हुई है।
प्रदेश में 223 कंटेनमेंट जोन
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश के चार जिलों में 223 इलाकों को कंटेनमेंट जोन बना कर पाबंद किया गया है। अकेले हरिद्वार जिले में 182 इलाको कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमण को रोकने के लिए चार जिलों में कुल 223 इलाकों को कंटेनमेँट जोन घोषित किया गया है। इसमें हरिद्वार में 182, देहरादून में 12, ऊधमसिंह नगर में 26, उत्तरकाशी में तीन इलाके शामिल हैं। कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर बाकी सभी तरह की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध है।
सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने बताया कि सख्त निगरानी के लिए सभी जिलों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के निर्देश दिए हैं। कंटेनमेंट जोन में कांटेक्ट ट्रेसिंग कर सभी की सैंपलिंग की जाएगी।
कोरोना संक्रमित के घर बैठक मामले में 50 पर केस
लक्सर में कोरोना संक्रमित कंपनी कर्मचारी के घर पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की ओर से बैठक करने के मामले में पुलिस ने नौ नामजद समेत 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैठक की फोटो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही अन्य लोगों को भी चिह्नित करने में जुटी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी व्यक्ति हरिद्वार की हिंदुस्तान लीवर कंपनी में काम करता है। 19 जुलाई को वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वहीं, शनिवार को गांव के एक व्यक्ति ने एसडीएम पूरण सिंह राणा से शिकायत कर कहा था कि कर्मचारी ने रिपोर्ट आने से पहले 12 जुलाई को अपने घर पर भीम आर्मी की बैठक कराई थी। आरोप है कि इसमें 100 से अधिक लोग शामिल हुए थे और शारीरिक दूरी का उल्लंघन किया गया था।
उन्होंने बैठक की कई फोटो और वीडियो भी एसडीएम को उपलब्ध कराए थे। एसडीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र सिंह को जांच करने के निर्देश दिए थे। जांच में पता चला कि बिना अनुमति के आयोजित बैठक में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं समेत अन्य लोग शामिल हुए थे। शिकायत की पुष्टि होने पर एसडीएम ने पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। कोतवाली प्रभारी हेमेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित कंपनी कर्मचारी के अलावा भीम आर्मी कार्यकर्ता अंकित, अंकुर, सकटू, अंकित, अर्जुन, राजेश, संजय और नितिन समेत 50 लोगों के खिलाफ धारा 188 व आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फोटो और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।