उत्तराखंड में कोरोना: मंगलवार को मिले 15 नए संक्रमित, एक भी मरीज की मौत नहीं
Corona Cases in Uttarakhand Today: मंगलवार को आठ जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी, पिथौरागढ़, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
विस्तार
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 15 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जबकि 19 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मामलों की संख्या 214 पहुंच गई है। जबकि सोमवर को प्रदेश में 218 सक्रिय मरीज थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को 15032 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। आठ जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी, पिथौरागढ़, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं, चमोली में पांच, देहरादून में चार, हरिद्वार में तीन, नैनीताल में दो और रुद्रप्रयाग में एक संक्रमित मरीज मिला है।
सावधान: नवजातों पर भी कोरोना का खतरा, उत्तराखंड में 16 दिन के शिशु में मिली एंटीबॉडी
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343519 हो गई है। इनमें से 329813 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7393 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.01 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.10 प्रतिशत दर्ज की गई है।
30 सितंबर को कोविड वैक्सीन का दूसरा महाभियान
कोविड टीकाकरण के लिए 30 सितंबर को दूसरा वैक्सीनेेशन महाभियान चलाया जाएगा। चमोली जिले में स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एमएस खाती ने बताया कि महाभियान के लिए पहली डोज का दो हजार और दूसरी डोज का 20 हजार का लक्ष्य रखा गया है।
मोबाइल टीमें बनाई गई हैं, जो वाहनों से क्षेत्र भ्रमण कर लोगों का टीकाकरण करेंगी। साथ ही गांव के आसपास भी टीकाकरण किया जाएगा। कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर भी नियमित रूप से टीकाकरण किया जाएगा।
विधायकों के क्षेत्रों में लगेंगे विशेष टीकाकरण शिविर
कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए टीके की दूसरी डोज लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सांसद, विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों की मदद लेगा। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि जिले में टीके की पहली डोज का सौ फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। मैदानी जिलों हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल अभी तक यह लक्ष्य नहीं हासिल कर पाए हैं। वहीं दूसरी डोज लगवाने वालों का आंकड़ा भी 46 फीसदी तक पहुंच गया है।
टीके की दूसरी डोज अधिक से अधिक लोगों को तेजी से लगायी जा सके, इसके लिए जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायकों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की मदद ली जाएगी। इसके लिए विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं के जरिये लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिले में टीके की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त संख्या में डोज उपलब्ध हैं। जिन लोगों को पहली डोज लग चुकी है और दूसरी डोज का समय पूरा हो चुका है तो वे टीकाकरण केंद्रों पर दूसरी डोज लगवा सकते हैं।