उत्तराखंड में कोरोना: 17 महीनों के बाद एक दिन में सबसे कम तीन संक्रमित मिले,176 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
Corona Cases in Uttarakhand Today: सोमवार को 11 जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत,नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़ , रुद्रप्रयाग, टिहरी ,ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में 17 महीने के बाद एक दिन में सबसे कम कोरोना संक्रमित मिले हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश में तीन नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जबकि चार मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 176 पहुंच गई है। जबकि रविवार को प्रदेश में 178 सक्रिय मरीज थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को 10860 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 11 जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत,नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़ , रुद्रप्रयाग, टिहरी ,ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं, देहरादून में दो और हरिद्वार में एक संक्रमित मिला है।
उत्तराखंड: 100 फीसदी आबादी को तीन माह पहले ही लगी कोविड टीके की पहली डोज, पीएम मोदी ने दी बधाई
संक्रमण दर 0.03 प्रतिशत पहुंची
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343759 हो गई है। इनमें से 330058 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7397 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.01 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.03 प्रतिशत दर्ज की गई है।
कोरोना की दूसरी डोज के लिए लगा वैक्सीनेशन मेला
देहरादून जिले में दिसंबर 2021 तक दूसरी डोज का कोविड टीकाकरण शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और स्मार्ट सिटी की ओर से वैक्सीनेशन मेला आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, जिला अधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार और डीआईजी/एसएसपी जन्मेजय खंडूरी की उपस्थिति में रिबन काटकर शिविर की शुरुआत हुई।
मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि जिले में सभी लोगों को पहली डोज लग गई है। ऐसे कुछ लोग हो सकते हैं, जो बाहर से आ-जा रहे हों और उन्हें अब तक टीका नहीं लगा। ऐसे लोग किसी भी वैक्सीनेशन सेंटर, जंबो साइट और पलटन बाजार व पेसिफिक मॉल में स्थापिक वॉकिंग वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। विधायक खजान दास ने कहा कि जिले में दिसंबर तक शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में टीकाकरण कर लोगों के पास लकी ड्रॉ और मेगा ड्रॉ में शामिल होकर आकर्षक पुरस्कार जीतने का मौका होगा। उन्होंने कहा कि जिले में सात लाख से ज्यादा लोगों को दूसरी डोज लगनी है। एसएसपी जन्मजेय खंडूरी ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है, जिससे यातायात पर दबाव बढ़ेगा।
उन्होंने सभी लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसडीएम सदर मनीष कुमार (आईएएस), एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार उप्रेती सहित स्वास्थ्य विभाग एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।