Coronavirus in Uttarakhand: प्रदेश में संपर्क में आने से 63 प्रतिशत लोग हुए कोरोना संक्रमित
- संक्रमण की चपेट में आए चार प्रतिशत स्वास्थ्य और पुलिस कर्मी
विस्तार
उत्तराखंड में कोरोना मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 21 मई से लेकर चार अगस्त तक प्रदेश में 63 प्रतिशत संक्रमित संपर्क में आने के कारण कोरोना की चपेट में आए हैं। जिनमें चार प्रतिशत स्वास्थ्य और पुलिस कर्मी भी शामिल हैं।
प्रदेश में कोरोना काल के शुरूआती दो माह में विदेश की यात्रा और दूसरे राज्यों से लौट लोगों में ही कोरोना का संक्रमण मिल रहा था, लेकिन अब कोरोना मरीजों के संपर्क में आने और ट्रेवल हिस्ट्री न होने वाले संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand: राष्ट्रीय औसत से छह प्रतिशत कम है उत्तराखंड में सैंपल जांच की दर
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का अध्ययन करने से यह बात सामने आई है कि 21 मई से चार अगस्त तक प्रदेश में मिले कुल संक्रमित लोगों में 63 प्रतिशत (5081 लोग) कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमण की चपेट में आए हैं। उनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। जिनमें 197 स्वास्थ्य कर्मी और पुलिस कर्मी शामिल हैं।
अब तक आठ हजार से अधिक लोग संक्रमित मिले
देहरादून में ऐसे संक्रमित लोगों की दर 28 प्रतिशत, हरिद्वार में 26, ऊधमसिंह नगर में 19 और नैनीताल में 13 प्रतिशत है। कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि प्रदेश में अब तक आठ हजार से अधिक लोग संक्रमित मिले हैं।
संक्रमण की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए और सतर्क रहने की जरूरत है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही मास्क पहनना और हाथों को अच्छी तरह से धोने से संक्रमण से बचाव हो सकता है।