Coronavirus: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4100 के पार, आज आए 120 नए मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में शुक्रवार को 120 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इन्हें मिला कर प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 4100 के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 2806 सैंपल निगेटिव मिले हैं।
ऊधमसिंह नगर जिले में 46 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक स्वास्थ्य कर्मी, दो पुणे, दो मुंबई, दो अहमदाबाद, चार दिल्ली, दो गाजीपुर यूपी, एक बरेली और 23 संक्रमित संपर्क में आए हैं, जबकि नौ की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले में 55 वर्षीय मृतक महिला का सैंपल भी पॉजिटिव मिला हैं।
देहरादून जिले में 38 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें 33 लोग संपर्क में आने से कोरोना की चपेट में आए हैं। जबकि दो मुरादाबाद, एक दिल्ली, एक सहारनपुर और एक संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। हरिद्वार जिले में 21 संक्रमितों में 13 कोरोना संक्रमित संपर्क में आए हैं और आठ की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में फिर से शनिवार और रविवार को लगेगा लॉकडाउन, आज शाम जारी होगी गाइडलाइन
नैनीताल जिले में सात संक्रमित मिले हैं। जिनकी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। पौड़ी जिले में छह संक्रमितों में से चार दिल्ली, एक गुरुग्राम से आया है। जबकि एक संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। अल्मोड़ा और चंपावत जिले में एक-एक संक्रमित मरीज मिला है। इनकी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। बता दें कि शुक्रवार को 26 संक्रमित मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया है। प्रदेश में अब तक 3021 मरीज ठीक हो चुके हैं।
आज मिले संक्रमित मामले
ऊधमसिंह नगर 46
देहरादून 38
हरिद्वार 21
नैनीताल 07
पौड़ी 06
अल्मोड़ा 01
चंपावत 01
छह प्रतिशत घट गई रिकवरी दर
प्रदेश में कोरोना संक्रमण फिर से बढ़ने लगा है। बीते चार दिनों में 452 संक्रमित मामले सामने आए हैं। जिससे रिकवरी दर घट गई है। रिकवरी दर में एक सप्ताह में छह प्रतिशत कमी आई है। अल्मोड़ा जिले में सबसे अधिक 98 प्रतिशत और ऊधमसिंह नगर में सबसे कम 49 प्रतिशत रिकवरी दर है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि जिस रफ्तार से संक्रमित मामले आ रहे हैं, उसकी तुलना में प्रतिदिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है। प्रदेश के पांच जिलों में रिकवरी दर 90 प्रतिशत से अधिक है।
पिता का इलाज कराने दिल्ली से आया युवक कोरोना पॉजिटिव
सेठपुर गांव के एक 35 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। युवक एक माह पहले अपने पिता के इलाज के लिए दिल्ली से अपने गांव वापस आया था। युवक को परेशानी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसका सैंपल जांच के लिए भेजा था। स्वास्थ्य विभाग ने रात में ही गांव पहुंचकर मरीज को हरिद्वार मेला अस्पताल में आइसोलेट कर दिया है।
सेठपुर गांव निवासी एक 35 वर्षीय युवक दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह पिता का इलाज कराने के लिए एक महीने पहले घर आया था। 14 दिन तक अपने घर पर क्वारंटाइन भी रहा। इसके बाद वह पिता का ऑपरेशन कराने देहरादून के एक अस्पताल में चला गया। युवक को वापस आने पर गले में परेशानी हुई। उसने सीएचसी लक्सर में डॉक्टर को दिखाया।
इसके बाद सीएचसी के डॉक्टरों ने उसका 13 जुलाई को सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया था। देर शाम आई रिपोर्ट में युवक में कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी हुई। सीएचसी के डॉ. जॉर्ज सैमुअल ने बताया कि रिपोर्ट आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को रात में ही हरिद्वार ले जाकर मेला अस्पताल में आइसोलेट कर दिया है। वहीं उनके निकट के संपर्क में रहे लोगों की भी पहचान की जा रही है। एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि संक्रमित युवक के घर के आसपास रहने वाले तीन परिवारों के 25 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।