कोरोनावायरस : हरिद्वार में विदेशों से आए 10 और लोगों की स्क्रीनिंग शुरू, 20 पहले से चिन्हित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोनावायरस के मद्देनजर चिन्हित नौ देशों से लौटे 10 और लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। इससे पहले विभाग ने 20 लोगों को चिन्हित किया था। अब इनकी संख्या 30 पर पहुंच गई है।
सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की टीमें इनके घर पहुंचकर इन लोगों की मेडिकल जांच, स्क्रीनिंग, काउंसिलिंग आदि कर रही है। डॉ. नैथानी के अनुसार इन लोगों की आने वाले 28 दिनों तक मानिटरिंग होगी और इनकी काउंसिलिंग की जाती रहेगी।
इनकी दिनचर्या पर पूरी नजर रखी जाएगी। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि चिन्हित देशों में चीन, जापान, सिंगापुर, हांगकांग, थाइलैंड, मलेशिया, कोरिया, वियतनाम और इंडोनेशिया शामिल हैं।
अन्य विभागों से भी मांगा सहयोग
कोरोनावायरस के प्रति सतर्कता बरतते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अन्य विभागों के अधिकारियों, निजी अस्पतालों और सामाजिक संस्थाओं से भी सहयोग मांगा है। सोमवार को सिडकुल के एक होटल में कार्यशाला के दौरान लोगों को कोरोनावायरस के साथ ही स्वाइन फ्लू पर अहम जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कोरोना के लक्षण, फैलने से बचाव और कोरोना का शक होने पर सैंपल लेने और इलाज के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञों ने सावधानी को ही बचाव करार दिया। माइक्रोबॉयोलॉजिस्ट डॉ. निशात अंजुम ने कोरोना के लक्षण बताए।
सीनियर पैथोलॉजिस्ट डॉ. ऋतु खेतान ने कोरोनावायरस की जांच, सैंपल लेने के तरीके, हाथ धोने के तरीके और पीपीई किट के प्रयोग की विधि से अवगत कराया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप निगम ने स्वाइन फ्लू से बचाव के तरीके बताए। मौके पर डीएम सी. रविशंकर ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।