Corona in Uttarakhand : मास्क पहनो, वरना लगेगा 200-500 रुपये का जुर्माना, साथ ही मिलेगा ये नजराना
- जुर्माना के साथ मिलेंगे चार-चार वॉशेबल मास्क
- मुख्यमंत्री ने की आशा फेसिलिटेटर को दो हजार रुपये सम्मान निधि देने की घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तरह आशा फेसिलिटेटर को दो हजार रुपये की सम्मान निधि दी जाएगी। यह बात शनिवार को कोविड महामारी से बचाव की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कही।
शनिवार को सचिवालय में कोविड की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाए। मास्क का प्रयोग न करने वालों पर जुर्माना तो लगाया जाय, लेकिन जुर्माने के साथ ही उन्हें 04 वॉशेबल मास्क भी दिए जाएं।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग न करने एवं नियमों को उल्लंघन करने पर पहली बार 200 रुपये और दूसरी बार उल्लंघन करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाए। हाई रिस्क एरिया या अन्य राज्यों से जो लोग आ रहे हैं, उनमें से यदि कोई व्यक्ति अपनी ट्रेवल हिस्ट्री को छिपाता है या गलत जानकारी दे रहा है, ऐसे में उन पर सख्त कार्यवाही की जाए।
पांच सौ से अधिक आशा फेसिलिटेटर को दो हजार रुपये सम्मान निधि
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लगभग पांच सौ से अधिक आशा फेसिलिटेटर को दो हजार रुपये सम्मान निधि देने की घोषणा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि रक्षाबंधन और कोविड सम्मान के रूप में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दी गई सम्मान राशि को शीघ्र उनके खाते में भेजा जाए। कोरोना वॉरियर्स की मृत्यु पर भी मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में होम आइसोलेशन हेतु निर्देश पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरी टीम की जांच एवं मानकों के हिसाब से होम आइसोलेशन की व्यवस्था की जाए। होम आइसोलेशन के बजाय अस्पताल एवं कोविड केयर सेंटर को प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की सैंपल टेस्टिंग और अधिक बढ़ाई जाए।
सर्विलांस सिस्टम को और मजबूत करने की जरूरत है। कोविड रिकवरी रेट में सुधार एवं मृत्यु दर कम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। प्रदेश में जो लोग प्राइवेट लैब में कोविड सैंपल टेस्ट करा रहे हैं, यह सुनिश्चित करा लें कि प्रत्येक व्यक्ति का पता एवं मोबाइल नंबर सही हो।
बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेेगी, गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन, डीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार, सचिव शैलेश बगोली, पंकज कुमार पांडेय, एसए मुरूगेशन, आईजी संजय गुंज्याल, अपर सचिव एवं चिकित्सा शिक्षा निदेशक युगल किशोर पंत, अपर सचिव सोनिका, डीजी स्वास्थ्य डॉ. अमिता उप्रेती आदि उपस्थित थे।