नहीं माने धनै-प्रीतम, कांग्रेस ने बची सात सीटों पर उतारे उम्मीदवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार में सहयोगी पीडीएफ के दिनेश धनै और प्रीतम पंवार के इनकार के बाद कांग्रेस ने बची सात विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए। पीडीएफ गठबंधन वाली दो सीटों धनोल्टी और टिहरी पर भी कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारे हैं। टिहरी से दिनेश धनै के कांग्रेस का टिकट लेने से मना करने पर नरेंद्र रमोला को प्रत्याशी बनाया गया है।
धनोल्टी से मंत्री प्रीतम पंवार ने भी कांग्रेस के टिकट पर लड़ने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वहां पार्टी ने मसूरी नगरपालिका अध्यक्ष मनमोहन मल्ल को प्रत्याशी घोषित किया। इसके अलावा पांच अन्य सीटों पर भी पार्टी ने लंबी माथापच्ची के बाद देर शाम प्रत्याशी घोषित कर दिए।
बता दें कि 63 प्रत्याशी पहले ही घोषित किए जा चुके हैं। अब दूसरी सूची जारी होने के बाद पार्टी ने सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।
रायपुर से पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रभुलाल बने उम्मीदवार
देहरादून की रायपुर विधानसभा सीट से पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रभुलाल बहुगुणा को प्रत्याशी बनाया गया है। बागेश्वर से बसपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए बाल किशन को मैदान में उतारा गया है। सोमेश्वर से पार्टी ने पुराने कार्यकर्ता राजेंद्र बाराकोटी पर विश्वास जताया है।
बाराकोटी इसी सीट पर वर्ष 2012 में भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। अब बाराकोटी की टक्कर कांग्रेस से बगावत कर भाजपा की प्रत्याशी बनी रेखा आर्य से होगी। जसपुर से आदेश चौहान को टिकट दिया गया है। चौहान वर्ष 2012 में भाजपा के टिकट पर जसपुर से चुनाव लड़ चुके हैं।
अब चौहान का मुकाबला कांग्रेस के बागी शैलेंद्र मोहन सिंघल से होगा। गदरपुर से राजेंद्र सिंह को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया गया है। राजेंद्र वर्ष 2007 में इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।