उत्तराखंड: अग्निवीरों के रोजगार की जिम्मेदारी संभालेंगे कर्नल मनराल, रिटायर होने वालों को दिलाएंगे नौकरी
सेना में सैनिकों के पुनर्वास और कौशल विकास का अनुभव रखने वाले अधिकारी को नई जिम्मेदारी दी गई है। औपचारिक घोषणा के बाद कर्नल मनराल रोजगार सेल का कामकाज संभालेंगे और अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर जुटाएंगे।
विस्तार
भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे कर्नल विजय मनराल (सेनि.) अग्निवीर रोजगार सेल का नेतृत्व करेंगे। जल्द ही औपचारिक घोषणा के बाद वे अपना कामकाज संभालेंगे। मनराल सेना से चार साल की सेवा के बाद रिटायर हो रहे अग्निवीरों को रोजगार दिलाने का काम करेंगे।
कर्नल मनराल (सेनि.) सेना में कौशल वीर योजना के अंतर्गत सैनिकों के पुनर्वास का कार्य कर चुके हैं। मनराल सेना की मानव संसाधन यूनिट के इन्फैंट्री छह का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके इसी अनुभव को देखते हुए ही सरकार ने उन्हें अग्निवीर रोजगार सेल की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जुलाई में एक जनसभा के दौरान रिटायर हो रहे सभी अग्निवीरों को रोजगार दिलाने के लिए एक सेल के गठन की घोषणा की थी। अगस्त में सरकार ने कैबिनेट के एक प्रस्ताव के जरिये अग्निवीर रोजगार सेल के गठन का रास्ता तैयार कर दिया।
इस वर्ष के अंत तक उत्तराखंड के करीब 1190 युवा अग्निवीर सैनिक के रूप में अपनी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होंगे। रिटायर हो रहे अग्निवीरों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्लान बनाने वाला उत्तराखंड देश का सबसे पहला राज्य है। मनराल को मुख्यमंत्री की ही पसंद बताया जा रहा है।
ये भी पढे़ं...देहरादून: भाजपा पार्षद के घर सनसनीखेज वारदात, नौकर ने परिवार को विषाक्त पदार्थ पिलाकर की लूट, फरार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीर रोजगार सेल के निर्माण की घोषणा कर दी है। इस सेल के निर्माण की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सरकार राज्य के सभी रिटायर होने वाले अग्निवीरों को रोजगार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। - कर्नल अजय कोठियाल (सेनि.), भाजपा नेता