उत्तराखंड: शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, मुनस्यारी की चोटियों पर फिर बर्फबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में सोमवार को राजधानी देहरादून समेत गढ़वाल और कुमाऊं में पूरा दिन बादल छाए रहे। शीतलहर के कारण मौसम में ठंडक और भी बढ़ गई है। मुनस्यारी की ऊंची चोटियों में सोमवार को रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही।
पूरे जिले में दिनभर बादल छाए रहे। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी से मुनस्यारी के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान माइनस चार डिग्री और अधिकतम तापमान पांच डिग्री रिकार्ड किया गया। जिला मुख्यालय का 1.4 और 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
कड़ाके की ठंड पड़ रही
सोमवार को जिले में दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र की पंचाचूली, राजरंभा, नागनीधूरा, मिलम, नामिक, हंसलिंग, नंदा देवी में दिन भर रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। इसके चलते मुनस्यारी बाजार सहित निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के तमाम हिस्सों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे।
चौथे दिन भी नहीं खुली मुनस्यारी सड़क
बर्फबारी के कारण 17 जनवरी से बंद थल-मुनस्यारी सड़क सोमवार को चौथे दिन भी नहीं खुली। रातापानी से मुनस्यारी तक करीब 20 किमी हिस्सा बर्फ से पटा पड़ा है। लोनिवि ने बर्फ हटाने के लिए जेसीबी तो लगाई है, लेकिन बर्फ ज्यादा होने से सड़क खोलने में समय लग रहा है। कालामुनि, रातापानी क्षेत्र में दो से ढाई फीट बर्फ सड़क पर जमा है। सड़क न खुलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुनस्यारी के लिए जौलजीबी मार्ग से आवागमन हो रहा है।