मैं दिल्ली वाले बाबा की तरह बड़ी-बड़ी बातें नहीं करता: CM रावत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बगैर नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली वाले बड़े बाबा की तरह मैं बड़ी-बड़ी बातें नहीं करता। उन्होंने तो जनता को सत्ता में आने पर 15-15 लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिलाया था। साथ ही अच्छे दिन के सपने दिखाए थे। आज स्थिति यह है कि बासमती बोने वाला किसान आज खून के आंसू रोने को मजबूर है।
इसके बाद उन्होंने हाईवे की दुर्दशा पर कहा कि हाईवे की बदहाल स्थिति ने हमें तंग कर दिया है, जब मैं सांसद था तब भी और अब भी इसकी स्थिति नहीं सुधरी। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने निर्माण एजेंसियों से कह दिया है कि चाहे नदियों का बालू और मिट्टी सब ले लो, लेकिन हाईवे को ठीक कर दो।
सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा जोड़ी हमारी कटी गर्दन
नेहरू स्टेडियम में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में लगभग एक घंटे की देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने क्षेत्र में 30 करोड़ की लागत से बनी सड़कों और अन्य योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने रुड़की में सड़कों की स्थिति की सराहना करते हुए एनएच की बदहाली के लिए मजबूरी जताई।
उन्होंने कहा कि एनएच की दशा सुधारने के लिए हमने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी गुजारिश की है। उन्होंने अपनी मजबूरी जताते हुए कहा हम तो सिर कटे मुख्यमंत्री हैं। जैसे गणेश जी की गर्दन कटने के बाद दुबारा जोड़ी गई थी, ठीक उसी प्रकार सुप्रीम कोर्ट ने हमारी कटी गर्दन को दुबारा जोड़ा है।
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही हैं। कन्या का सम्मान उत्तराखंड का अभियान नारे के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। महिलाओं और किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।
इस दौरान उन्होंने रुड़की में नवीन सब्जी मंडी के पास ड्रेनेज योजना की मंजूरी की भी घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी धर्मपाल ने की एवं संचालन जितेद्र पंवार ने किया। इस मौके पर मेयर यशपाल राणा, विधायक ममता राकेश, विधायक फुरकान अहमद, वाईपी सिंह, रामसिंह सैनी, नीरज सेठी, रश्मि चौधरी, मनोहर लाल शर्मा, हरपाल साथी, दयाल एम लाल आदि उपस्थित थे।
मंच पर बिगड़ी महानगर अध्यक्ष की तबियत
मंच पर मुख्यमंत्री हरीश रावत के भाषण के दौरान ही रुड़की महानगर अध्यक्ष कलीम खान की तबियत अचानक बिगड़ी। हालत बिगडने पर लोगों ने उन्हें उठाकर इमरजेंसी सेवा से अस्पताल भिजवाया।
नजूल भूमि पर जल्द मिलेगा मालिकाना हक
सीएम ने रुड़की की नजूल भूमि को जल्द फ्री होल्ड कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रुड़कीवासियों का एक कर्ज उनके ऊपर है। नजूल भूमि को लेकर जो विसंगतियां हैं, उन्हें करीब-करीब दूर कर लिया गया है। बहुत जल्द शासन स्तर से नजूल भूमि के मालिकों को मालिकाना हक दिलाएंगे।
प्रमुखता से उठाई गई समस्या, पर नहीं हुआ समाधान
खस्ताहाल हाईवे पर जब सीएम की गाड़ी ने हिचकौले खाए तो उन्होंने इस दर्द को मंच से बयां किया। हाईवे पर जगह-जगह गड्ढों की खबर को अमर उजाला ने कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया। लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। हाईवे मंगलौर से लेकर रुड़की और कोर कालेज तक सड़कों पर गड्ढे मुसीबत का सबब बने हैं। एनएच अधिकारियों के दावे के बावजूद हाईवे पर काम नहीं हो सका।