Chardham Yatra 2020: भगवान बदरी विशाल के अभिषेक के लिए सुहागिनों ने पिरोया तिलों का तेल, गाडू घड़ा यात्रा शुरू
बदरीनाथ भगवान की गाडू घड़ा (अभिषेक तेल कलश) यात्रा मंगलवार सुबह 9.30 बजे पूजा-अर्चना के बाद राज दरबार से शुरू हो गई। दरबार में टिहरी सांसद और महारानी मालाराज्य लक्ष्मी शाह सहित कई सुहागिन महिलाओं ने तिलों का तेल पिरोया।
राजदबार में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले वहां मौजूद भक्तगणों की थर्मल स्क्रीनिंग की। उसके बाद राजदरबार में पूर्जा-अर्चना के साथ सुहागिन महिलाओं ने मुंह पर पीले कपड़े बांधकर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ श्री बदरीनाथ भगवान के अभिषेक के लिए तिलों का तेल पिरोया।
राजपुरोहित संपूर्णानंद जोशी, हेतराम थपलियाल, कृष्ण प्रासद उनियाल ने विधि-विधान के साथ गणेश पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद गाडू घड़ा यात्रा के साथ ही श्री बदरीनाथ यात्रा का आगाजा हो गया।
13 मई तक लक्ष्मी नारायण मंदिर डिम्मर में होगी पूजा
बुधवार को गाडू घड़ा यात्रा श्रीनगर से कर्णप्रयाग होते हुए श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर डिम्मर पहुंचेगी। 13 मई तक लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा अर्चना के बाद यात्रा 14 मई को बदरीनाथ धाम पहुंचेगी। 15 मई को प्रात: 4 बजकर 30 मिनट पर पूजा-पाठ के बाद श्री बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
इस मौके पर डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष विनोद डिमरी, डिमरी धार्मिक पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, राणाकर्ण प्रकाश जंग, सुनीता जंग, राजपाल जडधारी आदि उपस्थित रहे।