चारधाम यात्रा 2020: एक महीने में हेलीकॉप्टर से 37592 यात्री पहुंचे केदारनाथ, धाम में बनेगा यात्री सुविधा केंद्र
केदारनाथ यात्रा में एक माह में 37592 यात्री हेलीकॉप्टर से धाम पहुंच चुके हैं। नौ अक्तूबर से शुरू हुई हेली सेवा में नौ हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर से कुल 6898 शटल की जा चुकी हैं। कोरोना काल में 29 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में इस बार हेलीकॉप्टर सेवा पांच माह बाद बीते नौ अक्तूबर से शुरू हुई थी।
गुप्तकाशी, मैखंडा, बेडूला, फाटा, सोनप्रयाग से नौ हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक केदारघाटी में उड़ान भर रहे हैं। एक माह में अभी तक कुल 37592 यात्री हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
दूसरी तरफ केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग द्वारा केदारनाथ यात्रा में उड़ान भर रहे हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर की उड़ान का प्रतिदिन का डेटा तैयार किया जा रहा है। साथ ही निर्धारित 600 मीटर ऊंचाई पर उड़ान की मॉनीटरिंग भी हो रही है।
केदारनाथ धाम में बनेगा यात्री सुविधा केंद्र
केदारनाथ यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को अब जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। पुनर्निर्माण कार्यों के दूसरे चरण में यहां यात्री सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाएगा, जिसमें महिला व पुरुषों के लिए चेकिंग व रेस्ट रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा सुविधा केंद्र में मातृ-शिशु देखभाल कक्ष भी बनाया जाएगा।
यात्राकाल में धाम आने वाले यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए यात्री सुविधा केंद्र भी बनाया जाएगा। मंदाकिनी नदी की तरफ बनने वाले इस भवन में महिला व पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रसाधन केंद्र के साथ ही चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे।
धाम में दर्शनों के लिए भारी भीड़ होने की स्थिति में यात्री यहां विश्राम कक्षों में आराम भी कर सकेंगे। मास्टर प्लान से बनने वाले इस भवन निर्माण की सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इसके साथ ही केदारनाथ में भक्तों को शुद्ध जलापूर्ति के लिए दो वाटर एटीएम भी लगाए जाएंगे। इन एटीएम में 24 घंटे यात्रियों को गर्म पानी मिलेगा। अधिशासी अभियंता, डीडीएमए, गुप्तकाशी प्रवीण कर्णवाल का कहना है कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के दूसरे चरण में सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाना है। यह भवन एक वर्ष में पूरा होना है।