पवेलियन मैदान में चल रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वालीबॉल चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। 19 वीं राज्य स्तरीय यूथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के फाइनल के कड़े संघर्ष में चमोली की टीम ने देहरादून की टीम को 27 -29,25 - 19,28 -26 से हरा कर चैंपियनशिप पर खिताब अपने नाम किया।
रविवार को समापन के मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी मुकेश कुमार सिरोहा ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के लिए खेल बेहद आवश्यक है। वॉलीबॉल एक ऐसा खेल है जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी पूरी सक्रियता के साथ खेलता है। निश्चित रूप से इस तरह के खेलों के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग का हार्ड लाइन मैच टिहरी ने पिथौरागढ़ को सीधे सेटों में 3 - 0 से हरा कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि बालक वर्ग में बेस्ट सेटर देहरादून के विनय, बेस्ट अटैकर स्पोर्ट्स कालेज के आर्यन एवं बेस्ट लिबरों हरिद्वार के अमरतिया रहे। इस मौके पर चौधरी अवधेश कुमार, सेवा सिंह मठारु, हेम पुजारी, सुभाष शाह, अजय उनियाल, आशुतोष सेमवाल, कमलेश काला, नितिन वालिया, बॉबी खर्कवाल आदि मौजूद रहे।