देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से 13 सितंबर को कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस), नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) और नेवल एकेडमी (एन) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। देहरादून जिले में इन परीक्षाओं के लिए 54 परीक्षा केंद्र बना गए हैं।
परीक्षाओं के सफल व शांतिपूर्ण संचालन को लेकर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को संघ लोक सेवा आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों व निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षाओं को निर्विघ्न संपन्न कराने के निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा से संबंधित सीलबंद बॉक्स प्राप्त होने के बाद प्रत्येक परीक्षा केंद्र प्राप्त बॉक्स का विवरण व संख्या निर्धारित समय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। बैठक में आयोग के अधिकारियों ने परीक्षा आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देशों व व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बताया कि सीडीएस परीक्षा में 8,001 और एनडीए व एनए परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सीडीएस परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9 से 11 बजे, द्वितीय पाली दोपहर 12ः30 से 2ः30 बजे और तृतीय पाली शाम 4 से 6 बजे तक होगी। वहीं एनडीए व एनए परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 से 12ः30 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4ः30 बजे तक संपन्न होगी।