CBSE Results 2021: ऑनलाइन बना रिजल्ट तो पकड़ में आया फर्जीवाड़ा, उत्तराखंड-यूपी के 18 स्कूलों के 31 बच्चों को नोटिस
कोरोनाकाल के चलते इस बार बोर्ड की परीक्षा नहीं हो सकी। स्कूल ने बोर्ड की ओर से तय फॉर्मूले के अनुसार अपने स्तर से छात्रों का मूल्यांकन कर बोर्ड को परिणाम भेज दिया।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड का रिजल्ट ऑनलाइन बनाया तो बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। 12वीं कक्षा के बोर्ड रिजल्ट बनाने के दौरान सीबीएसई को ऐसे बोर्ड की जानकारी मिली जिसे मान्यता नहीं मिली थी। देहरादून रीजन में ही उत्तराखंड और यूपी के करीब 18 स्कूल ऐसे हैं जिन्होंने 31 छात्रों को ऐसे फर्जी बोर्ड से जारी मार्कशीट के आधार पर प्रवेश दिया और 12वीं का परिणाम बना डाला।
CBSE Results 2021: 89.64 फीसदी रहा देहरादून रीजन का परीक्षा परिणाम
कोरोनाकाल के चलते इस बार बोर्ड की परीक्षा नहीं हो सकी। स्कूल ने बोर्ड की ओर से तय फॉर्मूले के अनुसार अपने स्तर से छात्रों का मूल्यांकन कर बोर्ड को परिणाम भेज दिया। इसके बाद सीबीएसई की ओर से जांच की गई तो 31 विद्यार्थी ऐसे मिले जिन्होंने ऐसे बोर्ड से दसवीं पास कर 11वीं में प्रवेश लिया जो बोर्ड मान्य ही नहीं थे। पोर्टल में दी गई जानकारी का सत्यापन होने पर यह गड़बड़ी पकड़ी गई है।
बोर्ड ने ऐसे छात्रों को नोटिस भेजने के साथ स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक रणबीर सिंह ने बताया कि देहरादून रीजन के कई नामी स्कूलों में यह फर्जीवाड़ा सामने आया है।
पारदर्शिता एवं सख्ती की वजह से ये गड़बड़ी पकड़ी गई
11वीं कक्षा में छात्र को प्रवेश देते समय स्कूल की ओर से यह जानकारी छुपाई गई। इतना ही नहीं दसवीं न करने वाले छात्र के भी गलत तरीके से नंबर चढ़ाकर धांधली की कोशिश की गई। सीबीएसई की पारदर्शिता एवं सख्ती की वजह से ये गड़बड़ी पकड़ी गई है। इन सभी छात्रों को नोटिस भेज जवाब मांगा गया है साथ ही संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो केंद्रीय विद्यालयों का रिजल्ट रुका
देहरादून संभाग के 40 केंद्रीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 100 फीसदी रहा। दो स्कूलों का रिजल्ट सीबीएसई की ओर से जारी नहीं किया गया। परिणाम से छूटे दो स्कूलों का पांच अगस्त से पहले बोर्ड की ओर से परिणाम घोषित किया जाएगा।
केवि संगठन के उपायुक्त मीनाक्षी जैन ने बताया कि संभाग के 40 केंद्रीय विद्यालयों के कुल 3798 विद्यार्थीयों ने 12वीं की परीक्षा में भाग लिया, जिनका परिणाम 100 फीसदी रहा। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष का परीक्षा परिणाम 0.49 फीसदी अधिक रहा है।