बागेश्वर: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, आठ साल की मासूम की मौत, तीन लोग गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्व पुलिस क्षेत्र वज्यूला के उड़खुली में सोमवार रात कार अनियंत्रित होकर तीन सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ वर्षीय बालिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उड़खुली निवासी दीप चंद्र (35) पुत्र मोहन राम अपने बेटे गौरव (14) और बेटी चांदनी (8) के साथ सोमवार रात करीब 12 बजे मारुति सुजुकी ईको (यूके/02/0632) में सैलानी जखेड़ा से लौट रहे थे।
गाड़ी उड़खुली निवासी महेश चंद्र (20) चला रहा था। उड़खुली के पास कार अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार के परखचे उड़ गए और चांदनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर प्रभारी नायब तहसीलदार चंद्र सिंह हरकोटिया, पटवारी युवराज गोस्वामी और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
लोग घायल दीप चंद्र, गौरव और महेश को 108 की मदद से मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ लाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया। वहीं बागेश्वर में पोस्टमार्टम के बाद चांदनी का शव परिजनों को सौंप दिया गया। बेटी की मौत के बाद मां बसंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट ने सीएचसी बैजनाथ जाकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने दुर्घटना में मारी गयी मासूम के परिजनों और अन्य घायलों को सीएम विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।