कार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, मौत होने पर शव को हाईवे किनारे फेंककर हुए फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईवे पर मोहनपुरा के पास कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार घायल हो गया। भीड़ जमा होते देख कार सवार घायल को सिविल अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कार सवार घायल को हायर सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस पर कार सवार मृतक को सालियर के पास हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए। लोगों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो नंबर के आधार पर कार की पहचान हो गई। कार सवारों की पुलिस तलाश कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा निवासी अहयूद्दीन (55) पुत्र कमरुद्दीन मेहनत मजदूरी करते थे। शुक्रवार रात वह साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मोहनपुरा के सामने हाईवे पर पहुंचे तो एक वैगन आर कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा होते देख कार सवार घायल को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख कार हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। कार सवार घायल को अपनी कार में हायर सेंटर ले जाने की बात कहकर अस्पताल से निकल गए। घायल ने अस्पताल से कुछ दूर बाद ही दम तोड़ दिया।
आरोप है कि कार सवार मृतक को सालियर के पास हाईवे किनारे छोड़कर फरार हो गए। सुबह लोगों ने शव पड़ा देख सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई और जानकारी परिजनों को दी।
पुलिस ने पड़ताल की तो कार सवारों की हरकत का पता चला। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि कार नंबर के आधार पर सवारों की पहचान हो गई है। उनकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर आते ही केस दर्ज किया जाएगा।