अनियंत्रित होकर सड़क से भागीरथी नदी की ओर लटकी यात्रियों से भरी बस और फिर...
गंगोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक बस गंगोत्री हाईवे पर डबराणी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर भागीरथी नदी की ओर अधर में लटक गई। समय रहते बस के नीचे पत्थर अटकाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को देश के विभिन्न राज्यों एवं नेपाल के तीर्थयात्रियों को लेकर एक बस वाहन संख्या यूके12पीबी-0167 उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई थी। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे डबराणी के पास स्टेयरिंग लॉक होने के कारण बस सड़क से बाहर निकल गई।
जिससे इसमें सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। समय रहते बस के चालक परिचालक ने बस से उतरकर पिछले टायरों के नीचे पत्थर लगाकर बस को गंगा भागीरथी में लुढ़कने से बचा लिया।
बस में सवार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित ढंग से उतारकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि बस सड़क किनारे नहीं लटकती तो नीचे उफनती गंगा भागीरथी में गिरने से यहां बड़ा हादसा हो सकता था। बता दें कि बरसात के मौसम में सड़क किनारे की जमीन कमजोर होने के कारण यहां धंसाव का खतरा बना हुआ है।
इस यात्रा सीजन के दौरान पूर्व में भी कुछ यात्री वाहन सड़क का पुश्ता धंसने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि उक्त बस हादसे में किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।