घूमने निकला था प्रेमी जोड़ा, शादी के लिए दबाव बनाया तो प्रेमी ने प्रेमिका को खाई में दे दिया धक्का
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कोटद्वार में नजीबाबाद थाना पुलिस ने एक सप्ताह से लापता चल रही एक युवती का शव उसके प्रेमी की निशानदेही पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच खाई से बरामद किया है। बताया जा रहा है कि प्रेमी और प्रेमिका एक सप्ताह पूर्व कोटद्वार और दुगड्डा घूमने आए थे।
यहां शादी के लिए दबाव बनाने पर प्रेमी ने खाई में धकेलकर उसकी हत्या कर दी। नजीबाबाद पुलिस ने कोटद्वार पुलिस की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतका का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पौड़ी के एएसपी पीके राय ने बताया कि सोमवार शाम यूपी के बिजनौर जिले के थाना नजीबाबाद की पुलिस टीम एक युवक को लेकर कोटद्वार पहुंची। बताया कि नजीबाबाद के पास मड़गा गांव निवासी योगेश पुत्र बिजेंद्र सिंह ने अपनी प्रेमिका की खाई में धकेलकर हत्या कर दी।
नजीबाबाद पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता ने योगेश के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसमें युवती के एक सप्ताह से लापता होने की बात कही गई। पुलिस ने जब मामले की छानबीन शुरू की तो एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में युवती अपने प्रेमी योगेश के साथ बाइक पर जाती हुई दिखी।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो योगेश ने सब कुछ उगल दिया। सोमवार शाम पुलिस उसकी निशानदेही पर घटनास्थल पहुंची, जहां युवती का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि योगेश का युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
गत सप्ताह दोनों घूमने के लिए कोटद्वार आए थे। युवती उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी। उस दिन भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में उसने योगेश ने युवती की खाई में धक्का देकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपनी बाइक से घर लौट गया। पुलिस ने योगेश को गिरफ्तार कर लिया है।