CBSE 12th Result: आंखों की रोशनी न होने पर भी 95 प्रतिशत अंक
आंखों से भले ही दुनिया न दिखती हो लेकिन अपनी दुनिया का जो ख्वाब शाहनवाज ने पाला था, वह रविवार को रिजल्ट आने के साथ ही पूरा हो गया।
शाहनवाज ने 12वीं की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। राष्ट्रीय दृष्टिबाधितार्थ संस्थान के छात्र शाहनवाज पर सभी को नाज है।
मूल रूप से बिहार के सहरसा के रहने वाले शाहनवाज आलम की आंखों में रोशनी नहीं है लेकिन उनमें गजब की हिम्मत है। 95 प्रतिशत अंकों के साथ ही शाहनवाज ने बीते कई वर्षों का रिकॉर्ड भी कायम किया है।
उम्मीद नहीं थी कि बेटा दुनिया में इतना नाम कमाएगा
कई वर्ष के बाद किसी छात्र ने इतने अंक हासिल किए हैं। उनके पिता मौ. रजा हुसैन रिटायर्ड शिक्षक हैं। वह अब गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं। उन्होंने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि जिस बेटे को दुनिया के रंग ही न दिखते हों, वह कभी दुनिया में इतना नाम कमाएगा।
उन्होंने कभी कल्पना भी न की थी कि बेटा कामयाबी का यह सोपान चढ़ेगा। जीत की इस दहलीज पर शाहनवाज अगले लक्ष्य की तरफ कदम बढ़ा चुका है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में ऑनर्स करने के बाद प्रशासनिक सेवा में जाना चाहता है।
शाहनवाज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता और शिक्षकों को दिया। शाहनवाज का कहना है कि वह कई बार निगाह न होने की वजह से हिम्मत हारते थे लेकिन शिक्षक उनका हौसला बढ़ाते थे। खुद उनके एनआईवीएच स्थित इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल कवलवीर सिंह जग्गी भी दृष्टिबाधित हैं।