रुड़की: दिल्ली-हरिद्वार हाईवे के गड्ढे ने ली बीजेपी नेता की जान, सड़क पर गिरते ही ट्रक ने कुचला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-हरिद्वार हाईवे के गड्ढे ने भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी रहे धर्मेंद्र गिरी की जान ले ली। हादसा रविवार देर रात स्कूटी से घर लौटते समय हुआ।
हाईवे के गड्ढे में धर्मेंद्र की स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहर से सटे ब्रह्मपुर निवासी धर्मेंद्र गिरी पुत्र रामेश्वर ने रुड़की टॉकिज के पास प्रॉपर्टी डीलिंग का दफ्तर खोल रखा था। रविवार रात करीब 10.30 बजे धर्मेंद्र स्कूटी से ऑफिस से घर लौट रहे थे।
गांव में मातम का माहौल
अभी वह दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर ब्रह्मपुर गांव के समीप ही पहुंचे थे कि हाईवे पर बने गड्ढे की चपेट में आने से उनकी स्कूटी दाईं ओर जा गिरी और धर्मेंद्र गिरी सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धर्मेंद्र गिरी की मौत से उनके गांव में मातम का माहौल है। उधर, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर एनएच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।