निकिता हत्याकांड पर बोले बाबा रामदेव, हत्यारों को चौराहे पर फांसी देनी चाहिए
- फरीदाबाद की घटना को बताया शर्मनाक और दरिंदगी की पराकाष्ठा
विस्तार
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि फरीदाबाद की बेटी निकिता के हत्यारों को चौराहे पर सरेआम फांसी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की हत्याएं बेहद शर्मनाक और दरिंदगी की पराकाष्ठा है। देश में कठोर कानून बनना चाहिए, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी मां-बेटी की तरफ आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकें।
भूपतवाला स्थित हरिहर कन्हैया कृपा धाम आश्रम के लोकार्पण समारोह में पहुंचे बाबा रामदेव ने कहा कि इस तरह की घटनाओं के विरोध में मौलवी, मौलानाओं और जिम्मेदार लोगों को आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की घटना शर्मनाक और भारत माता के माथे पर कलंक है।
बिहार चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के सवाल पर बाबा रामदेव ने कहा कि चुनाव को लेकर राजनीति में व्यक्तिगत आरोपों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताओं को अपनी नीयत, नीतियां नेतृत्व, सिद्धांत और आदर्शों के साथ देश के लिए उनका क्या सहयोग है और भविष्य में क्या होगा इसकी बात करना चाहिए। ओछी बात नहीं करनी चाहिए।
भगवा का संबंध कभी आतंकवाद से नहीं हो सकता
सांसद साध्वी प्रज्ञा के महाराष्ट्र सरकार पर भगवा आतंकवाद के नाम पर मानसिक उत्पीड़न करने के बयान पर बाबा रामदेव ने कहा कि भगवा का संबंध कभी न आतंकवाद से था, न है और न कभी होगा। हिंदू धर्म या भगवा पर कोई भी आतंकवाद का कलंक लगाएगा तो वह मुंह की खाएगा।
बाबा रामदेव ने कहा कि इस्लाम को बदनाम करने के लिए पूरी दुनिया में कुछ कट्टरवादी संगठित हो रहे हैं। इस्लाम के बड़े लोगों को इनको रोकना होगा। इस्लाम को खतरा किसी दूसरे मजहब से नहीं बल्कि आतंकवादी सोच वालों से है।
निकिता की हत्या पर फूटा गुस्सा
हरियाणा के बल्लभगढ़ में निकिता की सरेआम गोली मारकर हत्या के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का गुस्सा फूट पड़ा। परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को फांसी देने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने रानीपुर चौक पर आरोपियों का पुतला दहन कर उनको फांसी देने की मांग को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर परिषद के विभाग सह संगठन मंत्री काजल थापा ने कहा कि छात्रा निकिता तोमर की दूसरे धर्म के दो युवकों ने गोली मारकर हत्या करा दी।
घटना से देशभर में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार दोनों आरोपियों को फांसी दे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। नगर मंत्री अमन कुशवाहा, विभाग संगठन मंत्री राहुल सारस्वत, प्रदेश सह मंत्री चर्चित बालियान ने कहा कि छात्राओं को बहला फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाने और उनकी हत्या करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।