उत्तराखंड: सेना के जवान समेत तीन की नदी में डूबने से मौत, मेला घूमने आए थे गांव
उत्तराखंड के पौड़ी में विकासखंड खिर्सू के ग्वाड़ गांव के लिए बुधवार काला दिन साबित हुआ। गांव से पैठाणी घूमने गए तीन युवकों की नयार नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पैठाणी बाजार के व्यवसायियों और बनास गांव के लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस के पहुंचने तक लोग तीनों युवकों के शव निकाल चुके थे। मृतकों में एक सेना का जवान था, जबकि अन्य दो युवक मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते थे। तीनों युवक पारंपरिक मेला कठ्ठबद्दी मनाने गांव आए थे।
पैठाणी के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया बुधवार सुबह ग्वाड़ गांव के सात युवकों का दल बूंखाल कालिंका मंदिर के दर्शन कर पैठाणी घूमने गया था। सभी युवक नहाने के लिए राठ महाविद्यालय पैठाणी के पीछे बनास पुल के नीचे पश्चिमी नयार नदी में चले गए।
नहाने के बाद वे लौट रहे थे, तभी गांव निवासी सेना के जवान गुरुदेव सिंह (23) पुत्र ठाकुर सिंह का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। साथी को बचाने के लिए गांव के ही नवीन सिंह (22) पुत्र जगमोहन सिंह और प्रदीप सिंह (23) पुत्र बलवीर सिंह ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का प्रवाह तेज होने से तीनों नदी में डूब गए।
युवकों के अन्य चार साथियों ने गांव में घटना की सूचना दी, इसके बाद पैठाणी बाजार के व्यवसायी और बनास गांव के लोग नदी में डूबे युवकों की तलाश में जुट गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेज दिया गया है।