हथियारबंद बदमाशों ने मां-बेटे को बंधक बनाकर की लाखों की लूट, धमकी देकर हुए फरार
चार हथियारबंद बदमाशों ने मां-बेटे को बंधक बनाकर लाखों की लूट की वारदात को अंजाम दे डाला और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर वारदात में शामिल एक बदमाश को पहचानने का दावा किया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से घटना की जानकारी ली। जिस व्यक्ति की पहचान हुई है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित मक्खनपुर गांव निवासी दानिश बुकिंग पर कार चलाते हैं।
बुधवार रात वह मां के साथ घर पर थे। दानिश के मुताबिक, रात करीब नौ बजे चार बदमाश घर में घुस आए और तमंचे के बल पर उन्हें और मां को बंधक बना लिया। साथ ही दानिश से घर में रखे जेवर और नकदी के बारे में पूछा।
थाने पहुंचकर रात में ही घटना की जानकारी पुलिस को दी
जानकारी नहीं देने पर बदमाशों ने मां-बेटे को जान से मारने की धमकी दी। इस पर दानिश ने आलमारी में नकदी और जेवर होने की जानकारी दे दी। इसके बाद बदमाश आलमारी में रखी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
दानशि ने थाने पहुंचकर रात में ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। बृहस्पतिवार को एसआई राजकुमार ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। इस दौरान दानिश ने बताया कि बदमाश तमंचे के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और 2.81 लाख की नकदी लेकर फरार हो गए।
दानिश ने पुलिस को बताया कि चार बदमाशों में से एक बदमाश को वह पहचानता है। दानिश ने उसका नाम और पता पुलिस को बताया। उधर, एसआई राजकुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
कार सवार से तमंचे के बल पर एक लाख 70 हजार की डकैती
वहीं, रुड़की के बुग्गावाला में जमीनी विवाद के निपटारे के लिए आ रहे हरिद्वार निवासी कार सवार युवक से पांच युवकों ने तमंचे के बल पर एक लाख 70 हजार रुपये की डकैती कर ली। यही नहीं, बदमाशों ने कार को टक्कर मारकर खाई में गिरा दी, जिससे कार सवार युवक घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने घायल युवक को कार से बहार निकाला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार पुत्र पीतांबर निवासी हरिद्वार का बुग्गावाला क्षेत्र के एक व्यक्ति से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी विवाद के निपटारे के लिए वह बृहस्पतिवार को शाम 6.30 बजे हरिद्वार से अपनी कार में रुपये लेकर बुग्गावाला आ रहा थे। इसी बीच बिहारीगढ़ रोशनाबाद मार्ग पर बंदरजूड रसूलपुर के बीच घने जंगल में पांच युवकों ने कार रुकवाकर राजकुमार की कनपटी पर पिस्टल रख दी।
इसके बाद मारपीट करते हुए एक लाख 70 हजार रुपये की नकदी छीन ली। राजकुमार कार लेकर मौके से जान बचाकर भागने लगे तो बदमाशों ने कार में टक्कर मारकर सड़क किनारे दस फीट गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। चीख पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने घायल राजकुमार को कार से बाहर निकाला।
विजिलेंस टीम पर हमले के आरोपी का सरेंडर
इसके बाद राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को बुग्गावाला के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। एसओ बुग्गावाला कमल मोहन भंडारी का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर गांव में विजिलेंस की टीम पर हमला करने और एई को बंधक बनाकर पिस्टल तानने के मामले में एक आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। करीब चार दिन पूर्व विजिलेंस की टीम बिजली चोरी को पकड़ने के लिए मोहम्मदपुर गई थी। यहां एक घर में बिजली चोरी कर एसी चलती मिली थी। केबल काटने पर ग्रामीणों ने विजिलेंस की टीम पर हमला कर दिया था।
साथ ही एई को बंधक बनाकर पिस्टल तान दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एई को बंधनमुक्त कराया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 11 नामजद समेत 150 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन आरोपियों को जेल भेज दिया था। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मोहम्मदपुर निवासी अहसान अली ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उसे उसे जेल भेज दिया है।