उत्तराखंडः भाजपा सरकार के औद्योगिक सलाहकार से मिले कांग्रेस के नाराज विधायक धामी
- पार्टी से नाराज चल रहे हैं कांग्रेस विधायक, टटोले जा रहे मुलाकात के सियासी मायने
विस्तार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पद से इस्तीफा देने वाले कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने बुधवार को मुंबई में उत्तराखंड सरकार के औद्योगिक सलाहकार केएस पंवार से शिष्टाचार भेंट की। पार्टी में नाराजगी के बीच धामी की पंवार से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तो इसके सियासी मायने टटोले जाने लगे।
धामी ने अमर उजाला को बताया कि वह मुंबई में कौथिग में शामिल होने आए हैं। उन्होंने पंवार से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है। इस मुलाकात के सियासी मायने टटोले जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में वे क्या कह सकते हैं... बताया कि वे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी भेंट करेंगे।
धामी ने डॉ. इंदिरा हृदयेश पर भी निशाना साधा
कांग्रेस की सियासत में धामी को लेकर खासा बवाल मचा है। धामी की नाराजगी प्रदेश कांग्रेस कमेटी की हाल ही में जारी कार्यकारिणी को लेकर है, जिसमें उनका नाम सचिव पद के सबसे आखिरी स्थान पर दर्ज किया गया है। धामी ने सूची को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश पर भी निशाना साधा। साथ ही देहरादून पहुंचकर सचिव पद से इस्तीफा दे दिया।
वे एलान कर चुके हैं कि जल्द ही इस मसले को वे पार्टी आलाकमान के सामने उठाएंगे। उनका दावा है कि उनके समर्थन में पार्टी के कई विधायक उनके साथ हाईकमान के समक्ष जाएंगे। बकौल धामी, दिल्ली में हाईकमान के सामने जाने से पहले सभी पार्टी विधायक देहरादून में बैठक करेंगे।